बदायूं में वारदात: बेटे को बचाने पहुंची महिला को कार से कुचला, मौके पर मौत; युवक गंभीर घायल
बदायूं के मुजरिया क्षेत्र में एक महिला को कार से कुचल दिया गया, जिससे उसकी मौत हो गई। महिला अपने बेटे को बचाने पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने उनके ऊपर कार चढ़ा दी।
विस्तार
बदायूं के मुजरिया थाना क्षेत्र के गांव कौलिहाई में रविवार रात दुकान पर सिगरेट लेने पहुंचे कार सवार लोगों ने गल्ले से जबरन रुपये निकाल लिए। विरोध करने पर दुकानदार को बेरहमी से पीटा। आरोप है कि महिला अपने बेटे को बचाने पहुंची तो आरोपियों ने उसके ऊपर कार चढ़ा दी, जिससे महिला की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने सोमवार को शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
गांव कौलिहाई निवासी लज्जावती (42) के मकान में किराना की दुकान है। दुकान पर उनका बेटा राजेंद्र (22 वर्ष) बैठता है। राजेंद्र के अनुसार रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे कार सवार पांच लोग दुकान पर सिगरेट लेने पहुंचे। इसी दौरान तीन लोगों ने दुकान के गल्ले में हाथ डालकर पचास हजार रुपये निकाल लिए। इसका राजेंद्र ने विरोध किया तो उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। राजेंद्र के चीखने पर पास में ही मौजूद लज्जावती उसे बचाने पहुंची तो आरोपियों ने उन्हें भी पीटा।
इसी दौरान कार चालक ने उनके ऊपर कार चढ़ा दी, जिससे लज्जावती की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाई। लज्जावती की मौत के बाद पुलिस ने सोमवार को शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। घायल राजेंद्र ने बताया कि तीन आरोपी गांव के रहने वाले हैं। दो उझानी क्षेत्र के निवासी बताए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.