Budaun: ऑपरेशन के दौरान प्रसूता ने दम तोड़ा, मौत के बाद डॉक्टर ने कहा- कहीं और ले जाओ; परिजनों का हंगामा
डॉक्टर ने खून की कमी बताकर परिजनों से खून की व्यवस्था करने को कहा, जिस पर परिवार के कुछ सदस्य खून लेने चंदौसी चले गए। आरोप है कि इसी दौरान डॉक्टर ने गर्भवती का ऑपरेशन कर दिया। बच्ची के जन्म के बाद प्रसूता की मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं के थाना फैजगंज बेहटा क्षेत्र के ओरछी चौराहे पर संचालित एक निजी अस्पताल में भर्ती गर्भवती का डॉक्टर ने ऑपरेशन कर दिया, जबकि परिजन खून की तलाश में गए हुए थे। प्रसव के दौरान महिला की मौत हो गई। इसका पता लगने के बाद परिजनों ने वहां हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया।
संभल के कस्बा बहजोई के मोहल्ला काली मंदिर निवासी शिवानी को उसके पिता उमेश चंद शर्मा और पति सुमित कुमार ने प्रसव पीड़ा होने पर ओरछी चौराहे पर स्थित सृष्टि मेडिकेयर सेंटर में मंगलवार दोपहर भर्ती कराया था। परिजनों के अनुसार, डॉक्टर ने 30 हजार रुपये लेकर सामान्य प्रसव करने की बात कही थी।
देर शाम डॉक्टर ने खून की कमी बताकर परिजनों से खून की व्यवस्था करने को कहा, जिस पर परिवार के कुछ सदस्य खून लेने चंदौसी चले गए। आरोप है कि इसी दौरान देर रात डॉक्टर ने गर्भवती शिवानी का ऑपरेशन कर दिया। ऑपरेशन से बच्ची का जन्म हुआ, लेकिन कुछ देर बाद शिवानी की मौत हो गई।
मौत के बाद कहा- मरीज को कहीं बाहर ले जाओ
मौत के बाद डॉक्टर और कर्मचारियों के हाथ पांव फूल गए। डॉक्टर ने वहां मौजूद परिजनों से कहा कि मरीज को कहीं बाहर ले जाओ, उसकी हालत बिगड़ रही है। परिवार के लोग तड़के ओटी में पहुंचे तो देखा कि शिवानी की सांसे थम चुकी थीं। यह देख परिवार के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया और पुलिस को सूचना दी।
थानाध्यक्ष वेदपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया, जिसमें शिवानी के पेट में खून भरा पाया गया है। आशंका है कि कोई नस कट जाने से ऐसा हुआ है। एसओ ने बताया कि परिजनों ने पोस्टमार्टम के लिए लिखकर दिया था, जिस पर पोस्टमार्टम करा दिया गया है। यदि परिजन कार्रवाई के लिए तहरीर देते हैं तो रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
मामला संज्ञान में है और इसकी जांच कराई जा रही है। अस्पताल का रजिस्ट्रेशन तो है लेकिन जो डॉक्टर ऑपरेशन कर रहे हैं, वह कौन हैं उसकी जांच की जाएगी। यदि अनियमितता मिलती है तो कठोर कार्रवाई कराई जाएगी।- डॉ. पंकज शर्मा , एसीएमओ, नोडल प्राइवेट अस्पताल रजिस्ट्रेशन