दर्दनाक हादसा: आंधी-बारिश में बिजली का खंभा गिरने से बाइक सवार महिला की मौत, बेटा समेत दो घायल
बदायूं के कादरचौक में शनिवार दोपहर के आंधी के साथ बारिश हुई। इस दौरान कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे टूटकर गिर गए। कस्बे में बिजली का खंभा गिरने से एक महिला की मौत हो गई।
विस्तार
बदायूं के कादरचौक कस्बे में शनिवार दोपहर आई तेज आंधी-बारिश के दौरान बिजली का खंभा चलती बाइक पर टूटकर गिर गया। इसकी चपेट में आने से बाइक पर बैठी 45 वर्षीय महिला खुशीना की मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहा उसका बेटा और पड़ोस का चार साल का बालक घायल हो गया। महिला, बेटे की बाइक पर कादरचौक बाजार में घरेलू सामान खरीदने आ रही थी। उसके परिवारवाले बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव घर ले गए।
हादसा शनिवार दोपहर करीब 12 बजे हुआ। उस दौरान अचानक तेज आंधी आ गई थी। कुछ ही देर में बारिश भी होने लगी थी। आंधी में सड़क किनारे खड़े कई पेड़ टूटकर गिर गए। बिजली के कई खंभे भी टूटकर गिर गए। उसी दौरान थाना क्षेत्र के गांव नूरपुर निवासी खुशीना पत्नी जहांगीर अपने बेटे यासीन (28) के साथ बाइक से घरेलू सामान खरीदने कादरचौक की बाजार आ रहीं थीं। उनकी बाइक पर आगे पड़ोस का बालक फैजान (4) भी बैठा था।
महिला के सिर पर गिरा था खंभा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उनकी बाइक पेट्रोल पंप से कुछ दूर आगे पहुंची ही थी कि तभी अचानक सड़क किनारे खड़ा बिजली का खंभा टूटकर चलती बाइक पर गिर गया। खंभा सीधे महिला के सिर में जा लगा, जिससे महिला बाइक से गिर गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। खंभा गिरने से यासीन की बाइक भी लड़खड़ा गई। वह भी बाइक समेत सड़क पर जा गिरा। यासीन और बालक फैजान भी घायल हो गए। हादसे को देखकर कई लोग दौड़कर आ गए।
उन्होंने तत्काल थाना पुलिस को सूचना दी, जिससे पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। खबर सुनकर महिला के परिवार वाले भी आ गए। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। वह शव को लेकर अपने घर चले गए। यासीन और फैजान का प्राथमिक उपचार करा दिया गया है।