Badaun: ताई के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए तीन सगे भाई गंगा में डूबे, तीनों की मौत, गांव में पसरा मातम
बदायूं के हजरतपुर थाना क्षेत्र में ताई के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए तीन सगे भाई रामगंगा में बह गए। काफी देर तक हुई तलाश के बाद तीनों को बाहर निकाला गया। परिजन उन्हें डॉक्टर के पास ले गए, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी। डॉक्टरों ने तीनों को मृत घोषित कर दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं के हजरतपुर थाना क्षेत्र में ताई के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए तीन सगे भाइयों की रामगंगा में डूबकर मौत हो गई। उनकी मौत के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पूरे गांव में मातम छा गया।
हजरतपुर थाना क्षेत्र के गांव गढि़या शाहपुर निवासी गिरीश पाल की पत्नी नैना देवी (55) की शनिवार सुबह बीमारी के चलते मौत हो गई थी। शनिवार दोपहर 12 बजे परिवार वाले शव को अंत्येष्टि के लिए रामगंगा घाट पर ले गए।
अंत्येष्टि के बाद सभी लोग गंगा में स्नान कर रहे थे। तभी गिरीश पाल के छोटे भाई दिनेश के पुत्र भूपेंद्र (20), रोहित (18) व सोहित (16) भी गंगा में स्नान करने लगे। इसी दौरान भूपेंद्र गंगा पर बने पुल के पिलर के नीचे चला गया।
भाई को बचाने का किया था प्रयास
बताते हैं कि वहां गहरे गड्ढे हैं। यहीं भूपेंद्र डूब गया। पास ही में स्नान कर रहे रोहित और सोहित ने जब उसे डूबते देखा तो वे उसे बचाने उधर चले गए, जहां वे दोनों भी डूब गए। तीनों को डूबता देख परिजनों ने ग्रामीणों के साथ उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वे उनको नहीं बचा पाए।इसके बाद स्थानीय गोताखोरों को भी बुलाया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला गया। पुलिस तीनों को लेकर म्याऊं पीएचसी पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तीनों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे।
एसडीएम दातागंज धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि तीन सगे भाइयों की गंगा में डूबने से मौत हुई है। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृतकों के परिजनों को शासन से मिलने वाली हरसंभव सहायता मुहैया कराई जाएगी।
यहां डूबने से कई लोगों की जा चुकी है जान
घटनास्थल के आसपास पिछले कुछ वर्षों में कई हादसे हो चुके हैं। इसी साल जनवरी में दुर्गापुरी का एक युवक यहां डूब गया था, जबकि मौसमपुर के एक माली की मौत भी यहां हो चुकी है। बमनपुरा निवासी महेश के दो किशोर भतीजों की मौत भी मई-22 में रामगंगा में डूबने से हो गई थी। पिछले साल ही जुलाई के महीने में चितरी गांव के एक युवक व उसके रिश्तेदार भी रामगंगा में डूबकर अपनी जान गवां चुके हैं।