हाईवे पर थिरके भोले के रंग में सराबोर कांवड़िये
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सावन के तीसरे सोमवार को शिवमंदिरों में जलाभिषेक करने के लिए चले कांवड़ियों से शनिवार को बरेली-मथुरा हाईवे गुलजार हो गया। हाईवे पर कांवड़ियों की टोलियों के गुजरने का सिलसिले देर रात तक जारी रहा। कलाकारों के साथ नाचते-गाते और धूम मचाते कांवड़ियों की संख्या भी सर्वाधिक रही। करीब एक लाख कांवड़ियों ने शुक्रवार रात से शनिवार शाम तक कछला गंगाघाट पर पहुंचकर जल भरा। कछला से चलकर बदायूं तक हाईवे पर कांवड़ियों के सिवाय कुछ और नजर नहीं आया। बम-बम भोले और भारत माता के जयकारे लगाते बढ़ रहे कांवड़ियों के साथ कलाकार भी उत्साहित दिखे। ज्यादातर टोलियों के साथ कलाकार थे। उन्होंने भोले के भजनों पर मनमोहक नृत्य कर कांवड़ियों के साथ बाजार में दुकानदारों को भी झूमने को मजबूर कर दिया। शिवभक्तों की टोलियों में महिलाओं के साथ बच्चों की खासी तादाद रही। सभी एक ही रंग में सरबोर थे। पीलीभीत के बीसलपुर की टोली में शामिल शिवभक्तों ने बाजार के प्रमुख स्थानों पर धमाल मचा दिया। दुकानदारों राजपाल ने बताया कि पिछले 24 घंटे में एक लाख से अधिक कांवड़ियों ने आस्था की डुबकी लगाई। पूरे दिन कांवड़ पूजन का भी दौर चला। कांवड़ियों की सुरक्षा के मद्देनजर सीओ गमलेश्वर विल्टोरिया के साथ प्रभारी निरीक्षक संजय गोयल मौजूद रहे। आसपास थानों से बुलाए गए अतिरिक्त पुलिस फोर्स को भी ड्यूटी पर सजग रखा गया।