Budaun Accident: स्कूल बस की टक्कर से हुई थी चार बच्चों समेत पांच की मौत; रिपोर्ट दर्ज, चालक गिरफ्तार
उसावां थाना क्षेत्र में नवीगंज के पास स्कूल बस की टक्कर से वैन में सवार चार बच्चों और चालक की मौत हो गई थी। इस मामले में मृतक छात्र अमित के पिता ने स्कूल बस चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विस्तार
बदायूं के उसावां थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। मृतक छात्र अमित के पिता मोरपाल ने बस चालक को दोषी ठहराया है। उनका कहना है कि स्कूल बस की रफ्तार बहुत ज्यादा थी, इससे यह हादसा हो गया और वैन चालक व चार बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार दोपहर बाद उसका चालान कर दिया गया।
उसावां थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह नवीगंज के पास स्कूल बस की टक्कर से वैन में सवार चार बच्चों और चालक की मौत हो गई थी। मृतकों में स्कूल वैन चालक और उसका बेटा भी शामिल था। हादसे में 20 से अधिक बच्चे घायल हुए थे। हादसा इतना भीषण था कि घटनास्थल पर इधर-उधर लहूलुहान पड़े बच्चों की हालत देखकर लोगों का कलेजा कांप गया था।
ये भी पढ़ें- दर्दनाक: पलक झपकते पांच जिंदगियां खत्म... घायल मासूमों को रोता देख राहगीर भी रो पड़े, जिससे जो बन पड़ा वो किया
हजरतपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ग्योति निवासी मोरपाल का कहना है कि उनका बेटा अमित (12) उसावां क्षेत्र के गौंतरा में एसआरपीएस इंग्लिश मीडियम स्कूल में कक्षा छह का छात्र था। वह रोजाना वैन से स्कूल आता जाता था। वैन को लभारी निवासी ओमेंद्र चलाता था। वैन में ग्योति और लभारी समेत आसपास के गांव नवीगंज, गूराबरेला, नगरिया, बघौरा आदि के बच्चे स्कूल आते-जाते थे।
सोमवार सुबह म्याऊं-हजरतपुर रोड पर असधरमई और गौंतरा के बीच वैन को सत्यदेव विद्यापीठ इंटर कॉलेज की बस ने टक्कर मार दी, इसमें उनके बेटे अमित, चालक ओमेंद्र, उसके बेटे हर्षित, खुशी और कौशल्या की मौत हो गई थी। उन्होंने स्कूल बस के चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। इसके बाद थाना पुलिस ने चालक कुंवरसेन को गिरफ्तार कर लिया। एसओ मानबहादुर सिंह ने बताया कि बस चालक कुंवरसेन उसहैत थाना क्षेत्र के गांव माधुरी नगला का रहने वाला है।