Budaun News: पुलिस ने ऑटो लिफ्टर को किया गिरफ्तार, चोरी की पांच बाइक और एक स्कूटी बरामद
पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह चेकिंग के दौरान एक ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार कर लिया। उसका साथी फरार हो गया। पुलिस ने पकड़े गए आरोपी की निशानदेही पर चोरी की पांच बाइक और एक स्कूटी बरामद की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं में अलापुर थाना पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह ककराला चौराहे से एक ऑटो लिफ्टर को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी भाग गया। पकड़े गए ऑटो लिफ्टर की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी की पांच बाइक और एक स्कूटी बरामद की है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर उसको जेल भेज दिया है।
इंस्पेक्टर धनंजय सिंह के मुताबिक बृहस्पतिवार सुबह पुलिस टीम अलापुर कस्बे में ककराला चौराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान उन्हें पता चला कि एक बाइक से दो संदिग्ध लोग अलापुर कस्बे की ओर आ रहे हैं। इस पर उन्होंने ककराला चौराहे पर एसआई राकेश सिंह चौहान, एसआई राजीव सिंह चौहान और पुलिस टीम को सतर्क कर दिया। साथ ही स्वयं भी पुलिस टीम के साथ घेराबंदी कर दी।
एक आरोपी बाइक से कूदकर भागा
करीब आधा घंटा बाद अपाचे बाइक पर दो लोग अलापुर कस्बे की ओर आते दिखाई दिए। नजदीक आने पर पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो बाइक पर पीछे बैठा व्यक्ति कूदकर भाग गया। बाइक चलाने वाले ने भी भागने की कोशिश की लेकिन पुलिस ने उसे दबोच लिया।
मांगने पर वह बाइक के कागजात नहीं दिखा पाया। पूछताछ में उसने अपना नाम ग्राम गिलटैय्या निवासी मनोज बताया। बाद में उससे थाने ले जाकर पूछताछ की गई। तब उसने बताया कि उसका फरार साथी उसके गांव का ही गुड्डू है। यह बाइक चोरी की है। वह इसे दातागंज बेचने जा रहे थे।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर उसके घर पर छापा मारा तो वहां से चोरी की चार बाइक और एक स्कूटी और बरामद हुईं। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मनोज को जेल भेज दिया है। उसके खिलाफ 12 मामले पहले भी दर्ज हैं।
म्याऊ चौकी पुलिस ने आरोपियों को छोड़ दिया था
बृहस्पतिवार सुबह अलापुर थाना पुलिस ने जिस ऑटो लिफ्टर से पांच बाइक और एक स्कूटी बरामद कीं, उसको और उसके साथियों को कुछ दिन पहले म्याऊ चौकी पुलिस ने भी पकड़ा था। आरोप है कि तब साठगांठ कर आरोपी छूट गए थे। मामला काफी चर्चित रहा था। सिपाही को लाइन हाजिर कर दिया गया था।