Budaun Triple Murder: घायल हरिओम की भी मौत, घटना के वक्त बना रहा था वीडियो, आरोपियों ने सिर में मारी गोली
गांव आरिफपुर भगतानगला में चुनावी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष हुआ था। इसमें तीन लोगों की हत्या कर दी गई थी। इस हत्याकांड में महीपाल पक्ष के हरिओम की भी मौत हो गई है।
विस्तार
बदायूं जनपद के गांव आरिफपुर भगता नगला में 22 फरवरी को हुए तिहरे हत्याकांड में घायल हरिओम की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद राजकीय मेडिकल कॉलेज में 23 वर्षीय हरिओम सिंह को भर्ती कराया गया था। सोमवार की सुबह उसने सात बजे दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव आरिफपुर भक्ता नगला में खेत से ट्रैक्टर निकालने को लेकर हुए विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर फायरिंग हुई थी, जिसमें अमर सिंह के रेशमपाल और महीपाल पक्ष के सतेंद्र व जयप्रकाश की गोली लगने से मौत हो गई थी। हरिओम समेत चार लोग घायल हुए थे। हरिओम के सिर में गोली लगी थी।
आरोपियों का वीडियो बना रहा था हरिओम
महीपाल अपने ट्रैक्टर-ट्रॉली में खाद भरकर खेत पर पहुंचा था। उसके साथ 15 वर्षीय बेटा जयप्रकाश, सतेंद्र और हरिओम थे। महीपाल खेत में खाद लगा रहा था, तभी अमर सिंह तमाम लोगों के साथ वहां पहुंच गया। उनसे बचने के लिए महीपाल समेत चारों ट्रॉली पर चढ़ गए। हरिओम मोबाइल से आरोपियों का वीडियो बनाने लगा था।
वीडियो में महीपाल यह कहता सुनाई दे रहा है कि क्या हम खाद लगाने नहीं आएं। हमें फसल करने नहीं दोगे। वह हरिओम से पुलिस को कॉल लगाने की भी कह रहा था लेकिन अमर सिंह पक्ष किसी भी कीमत पर उन्हें छोड़ने को तैयार नहीं था। देखते ही देखते उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद वीडियो बनना बंद हो जाता है।