Budaun News: प्रसव के बाद प्रसूता की मौत, ऑपरेशन थियेटर में शव छोड़कर भागा स्टाफ, अस्पताल सील
बदायूं के एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद प्रसूता की मौत हो गई। परिजन के हंगामा करने के बाद पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल सील करने के साथ ही संचालक, डॉक्टर और स्टाफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
विस्तार
बदायूं जिले में अवैध रूप से चल रहे निजी अस्पतालों में प्रसूताओं और नवजात की मौत की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। शहर के अलापुर रोड पर स्थित राजश्री अस्पताल में ऑपरेशन से प्रसव के बाद प्रसूता की मौत हो गई। स्टाफ ऑपरेशन थियेटर में ही शव छोड़कर भाग गया। परिजन के हंगामा करने के बाद पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल सील करने के साथ ही संचालक, डॉक्टर और स्टाफ के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रविवार रात करीब 11 बजे बिनावर थाना क्षेत्र के गांव रैपुरा निवासी बिट्टू की पत्नी शिल्पी को प्रसव पीड़ा होने पर परिजनों ने सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में अलापुर रोड स्थित राजश्री अस्पताल में भर्ती कराया था। स्टाफ ने सामान्य प्रसव की बात कहकर उन्हें भर्ती किया लेकिन रात करीब एक बजे बाहर से एक महिला डॉक्टर को बुलाया।
ज्यादा खून बहने से हुई मौत
महिला डॉक्टर ने ऑपरेशन से प्रसव की बात कही। कहा कि ऑपरेशन न करने पर जच्चा-बच्चा की जान को खतरा हो सकता है। शिल्पी के परिजन उसकी बात मान गए। इसके बाद शिल्पी को ऑपरेशन थियेटर में ले जाया गया। ऑपरेशन के दौरान ज्यादा खून बहने से शिल्पी की मौत हो गई। नवजात स्वस्थ है।
ऑपरेशन थियेटर में ही मौत होने के बाद डॉक्टर और स्टाफ शव छोड़कर भाग गया। शिल्पी की मौत की जानकारी होते ही परिजनों ने हंगामा शुरू कर दिया। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
अस्पताल किया सील
मामले की शिकायत पर नायब तहसीलदार आशीष सक्सेना, डिप्टी सीएमओ डॉ. निरंजन सिंह मौके पर पहुंचे लेकिन वहां कोई मौजूद नहीं था। अस्पताल खुला था। नायब तहसीलदार की मौजूदगी में टीम ने अस्पताल सील कर दिया।
सीएमओ डॉ. प्रदीप वार्ष्णेय ने बताया कि राजश्री अस्पताल में प्रसूता की मौत के मामले में जांच टीम का गठन किया गया है। टीम ने अस्पताल सील कर संचालक, डॉक्टर और स्टाफ के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी