बदायूं में ऑनर किलिंग: नाबालिग बेटी गर्भवती हुई तो घरवालों ने की खौफनाक वारदात, हत्या कर दफनाया शव
नाबालिग लड़की का पड़ोस के युवक से प्रेम प्रसंग था। दोनों एक ही समुदाय के थे। किशोरी के घरवालों को जब पता चला तो उन्हें बंदिशें लगा दी, लेकिन वह चोरी छिपे मिलती रही। इस बीच किशोरी गर्भवती हो गई थी।
विस्तार
बदायूं के कादरचौक थाना क्षेत्र में किशोरी के गर्भवती होने की जानकारी होने पर परिजन ने उसकी हत्या कर शव दफन कर दिया। गांव वालों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन फिर भी पुलिस घटना की जानकारी होने से ही इनकार कर रही है। ऑनर किलिंग की वारदात क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।
दातागंज के बाद अब कादरचौक थाना क्षेत्र में ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। कादरचौक थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली किशोरी का गांव के ही युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। गांव में प्रेम-प्रसंग की चर्चा आम हुई तो किशोरी के परिजन ने उस पर बंदिशें लगा दीं। इसका किशोरी विरोध करती रही।
ये भी पढ़ें- बरेली में जन्मी दुर्लभ बच्ची: शरीर पूरी तरफ सफेद, निकल आए थे दांत; 30 लाख में एक होता है हार्लेक्विन बेबी
उसको जब भी मौका मिलता वह अपने प्रेमी से मिलने पहुंच जाती। बताते हैं कि चार दिन पहले किशोरी के पेट में दर्द हुआ तो परिजन उसको लेकर निजी चिकित्सक के यहां पहुंचे। निजी चिकित्सक ने जब स्वास्थ्य परीक्षण किया तो पता चला कि किशोरी छह माह की गर्भवती है। इसके बाद परिजन ने किशोरी को घर लाकर उसकी काफी पिटाई की।
जंगल में ले जाकर की हत्या
बताया जाता है कि किशोरी पिटाई के बाद भी प्रेमी के साथ शादी करने की जिद करती रही। इसके बाद परिजन ने उसकी हत्या की योजना बना ली। सोमवार को जंगल में ले जाकर उसकी हत्या कर दी। किसी को भनक न लगे इसलिए रात में ही शव दफन भी कर दिया। चर्चा है कि उसकी हत्या करते हुए गांव के ही कुछ लोगों ने देखा तो उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस गांव में पहुंची और पड़ताल करने के बाद लौट आई।
ये भी पढ़ें- भांजे ने की मामी की हत्या: ऐसा क्या देखा कि खौल उठा खून ? पेट में कई बार घोंपा चाकू, बेरहमी से ली जान
एसओ कादरचौक वेदपाल सिंह का कहना है कि इस तरह का मामला उनके संज्ञान में नहीं आया है। शिकायत आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। सीओ उझानी शक्ति सिंह का कहना है कि इस तरह की कोई सूचना नहीं मिली है। फिर भी मामले की जांच कराई जाएगी।
बेटी ने बात नहीं मानी तो उठाया खौफनाक कदम
लड़का और लड़की दोनों पड़ोसी थे और एक ही समुदाय के थे। ऐसे में शुरुआत में लोगों को शक नहीं हुआ, लेकिन कुछ दिनों से वह खुलेआम एक दूसरे से मिलने लगे तो चर्चा आम हो गई। इसके बाद लड़की के परिजन ने उसको समझाने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी। इसी बीच गर्भवती होने की जानकारी होते ही उन्होंने खौफनाक कदम उठाते हुए उसको जान से मार दिया।