Budaun News: बरेली-बदायूं हाईवे किनारे पलटा ट्रैक्टर, नीचे दबकर चालक की मौत
बदायूं के सिविल लाइंस क्षेत्र में शनिवार की सुबह हाईवे किनारे ट्रैक्टर पलट गया, जिसके नीचे चालक दब गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे निकाला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली-बदायूं हाईवे किनारे शनिवार को बीआरबी स्कूल के नजदीक एक ट्रैक्टर खाई में पलट गया, जिसके नीचे दबकर 27 वर्षीय चालक सोमपाल की मौत हो गई। वह रुद्रपुर से ट्रैक्टर लेकर शिकोहाबाद जा रहा था। मौके पर पहुंची पुलिस ने चालक का शव निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसके परिवार वाले भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए।
बरेली में शीशगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सियाठेरी निवासी सोमपाल पुत्र हरपाल उत्तराखंड के रुद्रपुर जिले में महिंद्रा ट्रैक्टर फैक्टरी में बतौर चालक की नौकरी करता था। उसके बड़े भाई देवेंद्र पाल ने बताया कि सोमपाल की अभी शादी नहीं हुई थी। वह रुद्रपुर से ट्रैक्टर लेकर उन्हें अलग-अलग जिलों में पहुंचाने का काम करता था।
सिविल लाइंस क्षेत्र में हुआ हादसा
सोमपाल शुक्रवार रात ट्रैक्टर लेकर शिकोहाबाद के लिए निकला था। वह शनिवार सुबह बरेली-बदायूं हाईवे पर सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बीआरबी स्कूल के नजदीक पहुंचा था। तभी अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर खाई में पलट गया, जिससे सोमपाल दब गया। उस दौरान हाईवे से गुजर रहे लोगों ने हादसे को देखकर थाना पुलिस को सूचना दी। खेड़ा नवादा चौकी पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर ट्रैक्टर हटवाया, लेकिन तब तक चालक की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने चालक की जेब से मिले ड्राइविंग लाइसेंस और आधार कार्ड से उसके परिवार वालों को सूचना दी, जिससे सोमपाल के परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। कंपनी के कई कर्मचारी भी आ गए।
वापस फैक्टरी भेजा जाएगा ट्रैक्टर
बरेली के सियाठेरी गांव निवासी सोमपाल जिस ट्रैक्टर को लेकर शिकोहाबाद जा रहा था। वह काफी क्षतिग्रस्त हो गया है। यह ट्रैक्टर बिल्कुल नया था। वह फैक्टरी से लेकर उसे शिकोहाबाद में एजेंसी पर छोड़ने जा रहा था। हादसे में क्षतिग्रस्त होने पर उसे अब वापस वहां भेजा जाएगा।