बदायूं। भाकियू के राष्ट्रीय आह्वान पर केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र के खिलाफ बदायूं में भी भाकियू ने मालवीय आवास पर धरना दिया। इसके अलावा कई समस्याओं के निदान की मांग को लेकर यूनियन नेताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट ब्रजेश कुमार को ज्ञापन सौंपा।
शुक्रवार को भाकियू जिलाध्यक्ष रामचंद्र यादव ने कहा कि लखीमपुर में कार से कुचलकर किसानों की हत्या करने वाले केंद्रीय गृह राज्यमंत्री अजय मिश्र के आरोपी बेटे आशीष मिश्र को सरकार का संरक्षण मिल रहा है। अजय मिश्र को मंत्रिमंडल से बर्खास्त किए बिना किसानों को न्याय नहीं मिल सकता। इस मौके पर किसान नेताओं ने अन्य समस्याओं पर भी चर्चा की तथा उनके निदान की मांग को लेकर सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में एमएसपी पर कानूनी गारंटी दिए जाने, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिश लागू किए जाने, किसानों को 14 दिनों में गन्ने का बकाया भुगतान दिलाए जाने, बिजली की जर्जर लाइनों को बदले जाने, किसानों का पूरा कर्जा माफ किए जाने समेत कई मांगे की गई हैं। इस मौके पर जयपाल सिंह, मनोज कुमार, किशनवीर सिंह, नरेंद्र सिंह, राजेश यादव, महेश पाल सिंह, वीरेश कुमार आदि मौजूद रहे। (संबंधित खबर पेज 9)