बदायूं: डीसीएम चालक की अमरोहा में गला रेतकर हत्या, परिजनों ने मृतक के नजदीकियों पर अपहरण कर हत्या का जताया शक
जरीफनगर निवासी नेमपाल नोएडा में रहकर डीसीएम चलाता था। मृतक के परिवार वाले उसके नजदीकियों पर ही हत्या का शक जता रहे हैं। परिवार वालों के मुताबिक उनके पड़ोसी गांव के कई लोग नेमपाल के साथ रहते थे। उन्हें शक है उन लोगों ने उसका अपहरण कर हत्या कर दी।
विस्तार
बदायूं के जरीफनगर रहने वाले नेमपाल की अमरोहा में गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक के परिवार वाले उसके नजदीकियों पर ही हत्या का शक जता रहे हैं। परिवार वालों के मुताबिक उनके पड़ोसी गांव के कई लोग नेमपाल के साथ रहते थे। उन्हें पूरा शक है कि वही लोग नेमपाल को अपहरण करके नोएडा से लाए थे और अमरोहा जिले में गला रेतकर हत्या कर दी।
बदायूं के जरीफनगर निवासी 39 वर्षीय नेमपाल छह महीने से नोएडा में रहकर डीसीएम चलाकर अपना परिवार पाल रहे थे। नेमपाल तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके माता-पिता की काफी समय पहले मौत हो चुकी है। उनकी पत्नी राजबाला दो बेटों के साथ गांव में रहती है। नेमपाल बीच-बीच में नोएडा से आकर पत्नी को रुपये दे जाते थे, इससे उनके परिवार का खर्चा चल रहा था। पंद्रह दिन पहले नेमपाल घर आया था। एक दिन यहां रुकने के बाद फिर नोएडा लौट गया।
रविवार सुबह घरवालों को सूचना मिली कि नेमपाल की अमरोहा जिले में आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव दढियाल में गला रेतकर हत्या कर दी गई है। मौके पर जिस तरह खून पड़ा मिला है, उससे माना जा रहा है कि नेमपाल को कहीं से लाकर अमरोहा में उनकी हत्या की गई। परिवार वालों का कहना है कि उनकी किसी से रंजिश नहीं है, लेकिन उन्हें शक है कि उनके पड़ोसी गांव के कुछ लोग नेमपाल के साथ नोएडा में रहते थे। आरोप है कि उन्होंने ही हत्या कर दी।
इसकी सूचना पर परिवार वाले सुबह अमरोहा पहुंच गए। दोपहर के समय नेमपाल के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। परिवार वाले नेमपाल का शव लेकर घर के लिए रवाना हो गए। शव देर रात तक जरीफनगर लाया जाएगा। सोमवार को शव का अंतिम संस्कार होगा।