{"_id":"82371395f0fd0e898ac16362b05ec68b","slug":"providing-loan-forgiven-rkmfilm-name-swindle-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"लोन माफ कराने के नाम पर ठगी रकम","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
लोन माफ कराने के नाम पर ठगी रकम
Ujani
Updated Fri, 13 Mar 2015 07:33 PM IST
विज्ञापन
किसान क्रेडिट कार्ड का लोन माफ कराने के नाम पर कासगंज जिले के युवक ने ग्रामीणों को ठगी का शिकार बना लिया। करीब 35 ग्रामीणों से दो से पांच हजार रुपये की रकम ले ली गई। उन्हें ठगे जाने का अहसास तब हुआ, जब वे बैंक पहुंचे।
विज्ञापन
ग्रामीणों से ठगी का यह मामला कोतवाली क्षेत्र के गांव पीयरखंदना का है। ठगी के शिकार लोगों के मुताबिक, करीब 15 दिन पहले गांव में एक युवक पहुंचा। उसने सर्वयूपी ग्रामीण बैंक से जुड़ा कर्मचारी बताकर उनसे किसान क्रेडिट कार्ड के बारे में जानकारी हासिल की। उसने ग्रामीणों से बातचीत के दौरान यह भी पता लगा लिया कि किस पर कितनी धनराशि का लोन है। सरकार द्वारा लोन माफ किए जाने के बारे में जानकारी देते हुए ग्रामीणों से कहा कि थोड़ा खर्चा कर दो तो पूरा लोन माफ हो जाएगा। तीन-चार दिन तक वह ग्रामीणों को फायदे का सब्जबाग भी दिखाता रहा।
विज्ञापन
ठगी के शिकार बने करीब 35 ग्रामीणों से उसने दो लेकर पांच हजार रुपये की रकम हासिल कर ली। ग्रामीणों को शक न हो, इसके लिए वह अपने साथ बैंक से जुड़े अभिलेख भी साथ लाया था। ठगे गए ग्रामीणों में झम्मनलाल, मानसिंह, मेहरबान, बनवारी लाल, गिरवर सिंह, लेखराज, वेदराम, दोदराज, तोताराम और नेकसिंह भी शामिल हैं। बकौल झम्मन, रुपये जमा कराने वाले युवक ने खुद को कासगंज जिले में सोरों कोतवाली क्षेत्र के गांव रामपुर का किशनलाल बताया था। ग्रामीण वितरोई स्थित सर्वयूपी ग्रामीण बैंक पहुंचे, तो ठगे जाने का अहसास हो गया। ग्रामीणों ने कोतवाली पुलिस को तहरीर सौंप दी है।
विज्ञापन
सोरों जाकर की ठग की तलाश
उझानी। पीयरखंदना के ग्रामीणों की कासगंज जिले में सोरों कोतवाली क्षेत्र के कई गांवों में नजदीकी रिश्तेदारी भी है। दो दिन पहले तीन-चार ग्रामीण सोरों पहुंचे। उन्होंने ठग द्वारा बताए गए गांव रामपुर में भी उसका पता लगाया, लेकिन कोई जानकारी हासिल नहीं हुई। खुद को किशनलाल बताने वाले युवक ने सहसवान क्षेत्र में अपना रिश्तेदार भी बताया था। वहां पीयरखंदना के कुछेक लोगों की रिश्तेदारी है।
मामला शुक्रवार को उनके संज्ञान में आया है। दो-दो हजार रुपये ठगे जाने की शिकायत मिली है। जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी के गांव जाकर भी उसका पता लगाया जाएगा।
- देवराज राठी, कोतवाल।