Budaun: सिपाही को ससुराल वालों ने पीटा, एक दिन पहले पत्नी ने लिखाया था दहेज उत्पीड़न का मुकदमा
मुजफ्फरनगर जिले में खतौली थाना क्षेत्र निवासी सिपाही सचिन कुमार सिविल लाइंस थाने की खेड़ा नवादा चौकी पर तैनात है। उसने बताया कि सोमवार रात वह बाइक लेकर जेल और पुलिस लाइन के बीच चौराहे पर पहुंचा था। तभी वहां उसके ससुराल वालों ने रोक लिया और उसे बुरी तरह पीट दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सिविल लाइंस थाने में तैनात सिपाही सचिन कुमार के साथ उसके ससुराल वालों ने मंगलवार सुबह मारपीट कर दी, जिससे सिपाही को काफी चोटें आईं हैं। थाना पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण करा दिया है। उसकी तहरीर पर मारपीट के आरोप में मामला दर्ज कर लिया गया है। इससे एक दिन पहले सिपाही के खिलाफ भी दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज हुआ है।
मुजफ्फरनगर जिले में खतौली थाना क्षेत्र के गांव सोहजनी निवासी सिपाही सचिन कुमार सिविल लाइंस थाने की खेड़ा नवादा चौकी पर तैनात है। सचिन कुमार के मुताबिक सोमवार रात उसकी ड्यूटी सिविल लाइंस थाने में थी। वह सीसीटीएनएस का काम देख रहा था। मंगलवार तड़के करीब साढ़े चार बजे वह थाने से निकलकर पुलिस चौकी जा रहा था। वह बाइक लेकर जेल और पुलिस लाइन के बीच चौराहे पर पहुंचा था। तभी वहां टहल रहे उसके ससुराल वालों ने रोक लिया।
आरोप है कि उन्होंने सिपाही के साथ मारपीट कर दी। उस वक्त वह अकेला था। इससे ससुराल वाले उसे पीटते रहे। इसमें उसके काफी चोटें आईं। वह किसी तरह छूटकर थाने पहुंचा। उसने मौजूद स्टाफ को इसकी जानकारी दी। उसका मेडिकल कराया गया। सिपाही ने अपने ससुराल वालों के खिलाफ थाने में तहरीर दे दी, जिस पर शाम के समय मामला दर्ज कर लिया गया।
एक दिन पहले पत्नी ने दर्ज कराया था दहेज उत्पीड़न का मुकदमा
बताते हैं कि एक दिन पहले उसकी पत्नी वर्षा ने सिपाही, उसके पिता महिपाल सिंह, मां संगीता, भाई नितिन कुमार, बहन पूजा व लक्ष्मी के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया है। सिपाही के ससुर एसएसपी के यहां फॉलोअर हैं। फॉलोअर ने अपने ऊपर लगाए आरोप निराधार बताए हैं।
सिपाही और उसके ससुराल वालों के बीच कुछ मतभेद चल रहे हैं। पहले उसकी पत्नी ने दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया। अब सिपाही का आरोप है कि उसके ससुराल वालों ने मारपीट की। उसकी तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कराई जा रही है। उसमें सच्चाई सामने आ जाएगी।
- अमित किशोर श्रीवास्तव, एसपी सिटी