Budaun News: दूध बढ़ाने का लालच देकर लगाया इंजेक्शन, मर गई भैंस, पशु मित्र के खिलाफ एफआईआर
पशु मित्र ने पशु पालक को भैंस का दूध बढ़ाने का लालच दिया। उससे दो हजार रुपये लेकर भैंस के कई इंजेक्शन लगा दिए, जिससे भैंस मर गई। इस मामले में कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं के उसहैत थाना क्षेत्र के गांव मंशा नगला में दूध बढ़ाने का इंजेक्शन लगाने से भैंस की मौत हो गई। इस पर पशु पालक ने पैरावैट (पशु मित्र) के खिलाफ न्यायालय के आदेश पर एफआईआर दर्ज कराई है।
गांव मंशा नगला निवासी घनेंद्र ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पाल रहा है। उसने करीब छह माह पहले अपने रिश्तेदारों की मदद से 85 हजार रुपये की एक भैंस खरीदी थी। सोचा था कि वह भैंस का दूध बेचकर अपने परिवार का गुजारा करेगा।
31 जुलाई को उसके घर पर गांव सथरा निवासी पैरावैट (पशु मित्र) आसिफ पुत्र ऋषिपाल आया था। उनसे कहने लगा कि आपकी भैंस का दूध और बढ़ जाएगा। इसके लिए कुछ खर्चा करना पड़ेगा। वह दवा देगा, जिससे भैंस का दूध पहले की अपेक्षा और ज्यादा बढ़ जाएगा।
पशु मित्र ने लिए थे दो हजार रुपये
पशु पालक ज्यादा पढ़ा लिखा नहीं था। इससे वह उसकी बातों में आ गया। उसने पशु मित्र को दो हजार रुपये दे दिए। इसके बाद पशु मित्र ने उसकी भैंस को पांच-छह इंजेक्शन लगाए। इससे उनकी भैंस की हालत बिगड़ गई।
घनेंद्र ने आसिफ को कॉल करके भैंस के बारे में बताया। आसिफ ने कहा कि भैंस ठीक हो जाएगी लेकिन उसी दौरान भैंस मर गई। इस संबंध में उन्होंने पुलिस को तहरीर दी थी लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। थक हारकर उसने न्यायालय की शरण ली। अब न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।