Budaun News: सरदार पटेल की जयंती पर भाजपा चलाएगी अभियान, 'रन फॉर यूनिटी' से दिया जाएगा एकता का संदेश
सरदार बल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर भाजपा विशेष अभियान चलाएगी। इसके तहत 31 अक्तूबर से 6 दिसंबर तक विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसे लेकर भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बदायूं में लौह पुरुष सरदार बल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अभियान की तैयारियां तेज कर दी हैं। इस अवसर पर 31 अक्तूबर से छह दिसंबर तक जिलेभर में 'एकता और राष्ट्र निर्माण' के संदेश के साथ विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में जिले की प्रभारी मंत्री गुलाब देवी ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर जानकारी दी।
माध्यमिक शिक्षा राज्य मंत्री गुलाब देवी ने कहा कि यह अभियान युवाओं में एकता, देशभक्ति और राष्ट्र निर्माण की भावना को सशक्त करने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि इस दौरान 'रन फॉर यूनिटी', पदयात्रा, श्रद्धांजलि कार्यक्रम, नशा मुक्ति अभियान, स्वदेशी अपनाओ अभियान के साथ-साथ शैक्षणिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने बताया कि 31 अक्तूबर को सरदार पटेल की जयंती पर हर जिले में 'रन फॉर यूनिटी' का आयोजन किया जाएगा। इसमें जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ खिलाड़ी, युवा, महिलाएं, व्यापारी, किसान, मजदूर, शिक्षक, अधिवक्ता और स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में भाग लेंगे। इसका उद्देश्य युवाओं में राष्ट्रीय गौरव जगाना, समाज के प्रति जिम्मेदारी बढ़ाना और एकता की भावना को सुदृढ़ करना है।
प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में होगी आठ किमी लंबी पदयात्रा
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष व जिला प्रभारी दिनेश कुमार शर्मा ने बताया कि 31 अक्तूबर से प्रारंभ होकर छह दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान के दौरान एक से 25 नवंबर तक सभी विधानसभा क्षेत्रों में आठ किलोमीटर लंबी पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक जिले से पांच प्रतिनिधि गुजरात के करमसद जाकर सरदार पटेल के जन्मस्थान से प्रारंभ होने वाली राष्ट्रीय यात्रा में शामिल होंगे।
अभियान के तहत सभी बूथों पर सरदार पटेल का चित्र स्थापित कर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। शैक्षणिक संस्थानों में निबंध, भाषण, रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी ताकि नई पीढ़ी सरदार पटेल के जीवन से प्रेरणा ले सके।