बदायूं: शिक्षक की शर्मनाक करतूत, शराब पीकर पहुंचा स्कूल, टोकने पर प्रधानाचार्य से भिड़ा
बदायूं के दातागंज इलाके में एक शिक्षक की शर्मनाक करतूत सामने आई है। शिक्षक शनिवार सुबह शराब पीकर स्कूल पहुंच गया। प्रधानाचार्य ने टोका तो उनसे भिड़ गया। पुलिस ने आरोपी की मेडिकल जांच कराई , शराब के सेवन की पुष्टि हुई।
विस्तार
सहायक अध्यापक प्रभात कुमार पर आरोप है कि वह शराब पीकर विद्यालय आए थे। उनकी हरकतें देखकर प्रधानाध्यापक जितेंद्र ने उन्हें विद्यालय से जाने को कहा। इस पर प्रभात कुमार प्रधानाचार्य से भिड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों के बीच कुछ देर तक गुत्थम-गुत्था हुई। अन्य शिक्षकों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया। प्रधानाध्यापक ने सहायक अध्यापक के खिलाफ दातागंज कोतवाली में तहरीर दी है।
दातागंज के सीएचसी प्रभारी चिकित्साधिकारी रिदेश भसीन ने बताया कि मेडिकल परीक्षण में शराब के इस्तेमाल की पुष्टि हुई है। क्षेत्राधिकारी अशेषनाथ ने कहा कि घटनाक्रम की जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।
जांच में बंद मिला विद्यालय
खंड शिक्षा अधिकारी लक्ष्मीनारायण ने इस घटना को शर्मनाक बताया है। उन्होंने कहा कि जानकारी मिलने पर वह विद्यालय गए थे। अपराह्न 2.30 बजे विद्यालय बंद मिला, जबकि इसे 3.00 बजे तक खुला रहना चाहिए था। लक्ष्मीनारायण ने कहा कि मामला गंभीर है, जांच में जो भी दोषी होगा कार्रवाई की जाएगी। घटना की जानकारी अधिकारियों को भी दी गई है।
क्षेत्र में चर्चा का विषय
यह घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। शिक्षक के इस तरह शराब पीकर विद्यालय आने और प्रधानाचार्य से भिड़ने पर लोग हैरान हैं। इस मामले में अधिकारियों की जांच और पुलिस कार्रवाई का इंतजार है।