बदायूं। मुजफ्फरनगर जिले में रविवार को होने जा रही महापंचायत में जिले से सैंकड़ों किसान बसों में बैठकर रवाना हुए हैं। इस दौरान पुलिस ने भी रोकने की कोशिश की लेकिन किसानों को रोका नहीं जा सका। जिले से करीब 10 बसें गईं हैं और तमाम किसान अपने निजी वाहनों से महापंचायत में पहुंच रहे हैं।
रविवार को मुजफ्फरनगर जिले में किसानों की महापंचायत आयोजित होगी। देश भर से किसान इसमें पहुंच रहे हैं। इसमें भाग लेने के लिए जिले से सैंकड़ों किसान भी शनिवार रात साढ़े नौ बजे रवाना हुए हैं। भारतीय किसान यूनियन की विंग बीकेडी के पूर्व मंडल प्रभारी राजेश सक्सेना ने बताया कि जिले के प्रत्येक क्षेत्र से बसें मुजफ्फरनगर जा रहीं हैं। एक बस शहर के किसानों को लेकर मालवीय आवास गृह से रात में निकली। जबकि एक बस उघैती, दो इस्लामनगर, दो बिसौली, एक नाधा, एक उझानी व एक रियोनाई से गई है। उन्होंने बताया कि इस महापंचायत में जिले के तमाम किसान अपने निजी वाहनों से भी गए हैं। इस दौरान मालवीय आवास पर पुलिस तैनात थी। उन्हें रोकने की कोशिश की गई लेकिन किसान नहीं मानें और बसों में सवार होकर जिले से निकल गए हैं। महापंचायत में कृषि कानून का विरोध होगा।