रूट बदलने से कांवड़िये गुस्साए तो प्रशासन ने बदला फैसला
कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर सख्ती बढ़ी
सावन के चौथे सोमवार कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन और पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। कांवड़ियों के गुजरने वाली संवेदनशील गलियों में पुलिस बल तैनात किया गया है। पिछले सोमवार को कावड़ियों के जत्थे में खुराफातियों के घुसने के बाद एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने कड़े बंदोबस्त किए हैं। रूट डायवर्जन के बाद कावड़ियों की सुरक्षा को लेकर जिले की पुलिस अलर्ट हो गई है। जगह-जगह पर पुलिस के सिपाही दिन रात ड्यूटी दे रहे हैं। वहीं एसपी सिटी भी शहर के प्रमुख चौराहो पर नजर टिकाए हुए हैं। एसएसपी चंद्र प्रकाश के निर्देश पर एसपीसिटी कमल किशोर, सीओ वीरेंद्र सिंह यादव, इंस्पेक्टर सिविल लाइंस राजीव कुमार, कोतवाली इंस्पेक्टर भरत सिंह समेत कई अधिकारी लगातार संवेदनशील चौराहों और धार्मिक स्थलों पर भ्रमण कर रहे हैं। किसी तरह की चूक नहीं हो इसलिए खुराफातियों पर भी नजर रखने के लिए मोहल्लों और गलियों में पुलिस को तैनात किया जा रहा हैं। बता दें कि सोमवार को नवादा खेड़ा में जबरन नशे में धुत बाइक सवार युवकों ने कावड़ियों के जत्थे में घुसने का प्रयास किया था। पुलिस के रोकने पर उन्होंने जानलेवा हमला कर दिया था। इस मामले में पुलिस ने तीनों के खिलाफ सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया था लेकिन इस तरह की चूक फिर न हो इसलिए अब पुलिस एहतियात के तौर पर कोई कसर नहीं छोडना चाहती। कावड़ियों के जत्थे के पीछे पुलिस रहेगा। रूट डायवर्जन से वाहनों को निकलने में कोई दिक्कत नहीं हो इस पर भी ध्यान रखा गया है। एसपी सिटी कमल किशोर का कहना है कि कांवड़ियों को जत्थों की सुरक्षा व्यवस्था के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए हैं। खुराफातियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।