{"_id":"5acf4e764f1c1b3a3d8b4b54","slug":"171523535478-budaun-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"बहन को बचाने की कोशिश में गंगा में डूबने से युवक की मौत","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
बहन को बचाने की कोशिश में गंगा में डूबने से युवक की मौत
न्यूज डेस्क,अमर उजाला,बदायूं
Updated Thu, 12 Apr 2018 07:33 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली से परिजनों और रिश्तेदारों के साथ गंगा स्नान करने आया एक युवक हादसे का शिकार हो गया। यहां गंगा में नहाने के दौरान युवक की बहन गहरे में चले जाने से डूबने लगी। उसे बचाने को कूदा युवक गंगा में डूब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
विज्ञापन
हादसा गुरुवार पूर्वाह्न में हुआ। दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके से सुबह एक बस से तीन परिवारों के लोग और उनके नाते-रिश्तेदार गंगा नहाने के लिए घाट पर पहुंचे। मंगोलपुरी निवासी किशन कुमार की 15 वर्षीय बेटी नीतू नहाते समय गहरे में चली गई। वह डूबने लगी तो लोगों ने शोर मचाना शुरू कर दिया। नीतू की बचाने की कोशिश में उसका भाई गुल्लू (18) भी कूद पड़ा। उसने नीतू को सकुशल बचा लिया लेकिन खुद गहराई में फंस गया। यह देख घरवालों ने गोताखोरों को बुला लिया। गोताखोरों ने करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद गुल्लू को बाहर निकाल लिया लेकिन उसकी हालत नाजुक थी। घरवाले उसे लेकर कासगंज को चले लेकिन रास्ते में ही गुल्लू की मौत हो गई।
विज्ञापन
गुल्लू का शव लेकर घरवाले घाट पर लौटे तो कोहराम मच गया। बहन नीतू और मां बबीता शव को देख गश खाकर गिर पड़ीं। मृतक के पिता किशन समेत रिश्तेदारों ने बताया कि जहां पर परिवार के लोग स्नान कर रहे थे, उन्हें जल में गहराई का अंदाजा नहीं लग पाया। अपराह्न में घरवाले शव को लेकर दिल्ली चले गए। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने से भी इंकार कर दिया। हालांकि पुलिस भी मौके पर पहुंच गई लेकिन पुलिस कर्मियों को यह कहकर लौटा दिया गया कि मौत हादसे की वजह से हुई है। उधर, इसे लेकर घाट पर काफी देर तक अफरातफरी का भी माहौल बना रहा।
विज्ञापन