नजीबाबाद/नांगलसोती में पर्वतीय क्षेत्रों में हुई वर्षा से मालन नदी का जलस्तर बढ़ गया। जलस्तर बढ़ने से मालन नदी रपटा पुल निर्माण प्रभावित हुआ। जलस्तर बढ़ने से संतोषी माता के मंदिर क्षेत्र से हरिद्वार मार्ग का आवागमन भी प्रभावित रहा। उधर, नांगल क्षेत्र में मालन नदी के उफान से पूंडरीकला-बरमपुर मार्ग पर बना अस्थायी रपटा बह गया। मालन नदी रपटा क्षेत्र में सेतु निगम द्वारा बनाए जा रहे रपटा पुल निर्माण कार्य प्रभावित हैै। मालन नदी में अचानक जलस्तर बढ़ जाने से पुुल का निर्माण रोका गया है। जल स्तर बढ़ने से नजीबाबाद के संतोषी माता मंदिर से काली मंदिर होते हुए हरिद्वार हाईवे के रपटा संपर्क मार्ग से आवागमन बंद हो गया। उधर, नांगलसोती क्षेत्र में पूंडरीकला-बरमपुर संपर्क मार्ग पर उत्तम शुगर मिल बरकातपुर द्वारा गत पेराई सत्र में बनवाया गया अस्थायी पुल मालन नदी के उफान से बह गया। बृहस्पतिवार को अस्थायी रपटा पुल बहने से नदी के दोनों ओर स्थित गांव ब्रह्मपुरी, पाडली, पाडला, ताहरपुर, राजपुरा, गाजीपुर, बरकातपुर, पूंडरीकला, पूंडरीखुर्द, सबलपुर बीतरा के ग्रामवासियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ध्वस्त पुल के दोनों ओर बसे गांवों के लोगों को खेतों पर जाने और पशुओं के लिए चारा लाने में असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से आवागमन सुचारु कराने की मांग की है।