नगीना को मिला सर्वश्रेष्ठ कृषि विज्ञान केंद्र का पुरस्कार
नगीना (बिजनौर)। सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय मेरठ में आयोजित प्रसार परिषद की बैठक में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कार्य कर रहे सभी जनपद के कृषि विज्ञान केन्द्रों के मध्य सर्वश्रेष्ठ कृषि विज्ञान केन्द्र का पुरस्कार कृषि विज्ञान केन्द्र नगीना को दिया गया।
कृषि विज्ञान केन्द्र नगीना को जनपद में बासमती धान की उच्च उत्पादन तकनीकी को बढ़ावा देने, गेहूं, सरसों, मसूर में बायोफोर्टिफाइड प्रजातियों को बढ़ावा, कृषक प्रक्षेत्र पर सहभागी गुणवत्ता को बढ़ावा एवं गन्ना में संसाधन संरक्षण तकनीकी जैसे ट्रेंच विधि, रिंग पिट विधि एवं सूक्ष्म सिंचाई पद्धति को बढ़ावा देने के लिए पुरस्कृत किया गया। पुरस्कार कृषि विवि के कुलपति डॉ. आरके मित्तल, विधायक मेरठ अमित अग्रवाल एवं दयाल ग्रुप के सीएमडी अभय कुमार द्वारा पुरस्कार धनराशि 21 हजार रुपये नकद एवं प्रमाणपत्र सहित दिया गया। कृषि विज्ञान केन्द्र के डॉ. शकुंतला गुप्ता, डॉ. केके सिंह, डॉ. प्रतिमा गुप्ता, डॉ. शिवांगी, डॉ. पिंटू कुमार, इंजीनियर शैलेंद्र कुमार यादव, डॉ. भूपेंद्र कुमार, सेवाराम आर्य, अब्दुल गफ्फार, अनिल कुमार आदि ने कृषि विज्ञान केंद्र को पुरस्कृत किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की है।