मेरठ की टीम ने जीता क्रिकेट मैच
नजीबाबाद (बिजनौर)। एनसीसी क्लब की ओर से आयोजित ऑल इंडिया क्रिकेट टूर्नामेंट का अंतिम लीग मैच मेरठ ने जीता। बृहस्पतिवार को मेरठ और रुड़की के बीच टूर्नामेंट का दूसरा क्वार्टर फाइनल खेला जाएगा।
नजीबाबाद के स्टेब्स ग्राउंड में बुधवार को आयोजित अंतिम लीग मैच बुलंदशहर और मेरठ के बीच खेला गया। बुलंदशहर के कप्तान नाजिम की अगुवाई में टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 198 रन बनाए। हारुण ने 44 और नाजिम ने 42 रन बनाए। मेरठ की ओर से विशाल और अनस ने दो-दो विकेट लिए। जवाब में उतरी मेरठ की टीम ने 19 वें ओवर में लक्ष्य प्राप्त कर मैच जीत लिया। टीम की ओर से यश ने 60 और केशव ने 57 रन बनाए। यश को मैन ऑफ द मैच चुना गया। बुलंदशहर की टीम से नाजिम ने दो और शादाब ने एक विकेट झटका। अंपायर की भूमिका में माजिद वेग और राजीव ग्रोवर रहे। इस अवसर पर ताबिश मिर्जा, मो. काशिफ, तनवीर पहलवान, मो. नाजिम, मो. इमरान, मो. सलमान, अंकित गर्ग, विक्की राजपूत आदि मौजूद रहे।