अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाया
किरतपुर। रामा इंस्टीट्यूट आफ हायर एजुकेशन में अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में बीएड, एमएड, डीएलएड व बीए हिंदी के छात्र-छात्राओं ने मातृभाषा विषय पर अपने विचार रखे। गोष्ठी के मुख्य वक्ता निखिल भारद्वाज, जिला संयोजक शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास रहे। उन्होंने बताया कि युनेस्को द्वारा 17 नवंबर 1999 को अंतरराष्ट्रीय मातृभाषा की घोषणा की गई। जिसे बांग्ला भाषा आंदोलन के दौरान 21 फरवरी 1952 को ढाका में शहीद हुए नवयुवकों की याद में 21 फरवरी 2000 से प्रतिवर्ष मनाया जाने लगा। प्रत्येक विकसित देश की अपनी मातृभाषा होती है। जिसमें उनकी राजव्यवस्था, अर्थव्यवस्था और शैक्षिक गतिविधियां संपन्न होती हैं। लेकिन भारत वर्ष में ऐसा नहीं है। हमें अपनी मातृभाषा पर गर्व होना चाहिए। क्योंकि मातृभाषा का कोई विकल्प नहीं होता है। देवेंद्र कुमार प्रवक्ता एमएड ने बताया कि नई शिक्षा नीति 2000 के पाठ्यक्रम में मातृभाषा पर विशेष बल दिया गया है। यशपाल सिंह प्रवक्ता एमएड ने कार्यशाला में उपस्थिति सभी प्रतिभागियों का आभार प्रकट किया। डॉ. रवीश कुमार विभागाध्यक्ष, अध्यापक शिक्षा ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। गोष्ठी का सफल संचालन श्रीमती मंजू जैन प्रवक्ता बीएड ने किया।