दहशत के पल: घर में घुसा गुलदार, परिजनों की अटकीं सांसें, गांव में मची अफरा-तफरी, कड़ी मशक्कत से पकड़ में आया
Bijnor News : बिजनौर में गुलदार एक घर में घुस गया। इससे गांव में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान करीब दो घंटे तक परिजनों की सांसें अटकी रहीं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिजनौर जनपद में रेहड़ के गांव सादकपुर में एक घर की दिवार फांदकर घुस जाने से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। करीब ढाई घंटे बाद बामुश्किल वन कर्मियों ने गुलदार को काबू किया। वन कर्मी फिलहाल गुलदार को अमानगढ़ ले गए हैं।
बुधवार दोपहर ग्रामीणों को अचानक गांव के समीप खेतों में एक गुलदार दिखाई दिया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर हड़बड़ी में गुलदार गांव निवासी अली हसन के घर में जा घुसा। कुछ युवाओं ने वन विभाग को सूचना देते हुए गुलदार को मछली के जाल से घर में घेरने का प्रयास किया। लेकिन गुलदार चकमा देकर वहां से निकल दीवार फांद कर नासिर अंसारी के घर में घुस गया। वह दीवार के पास रखे पम्पिंग इंजन सेट के पास छिप गया।
कुछ देर पहले ही खेतों से आए परिजन आंगन में पेड़ के नीचे बैठकर सुस्ता ही रहे थे कि गुलदार को देखकर उनके होश उड़ गए। इसके बाद वे कमरों में जाकर छिप गए। गुलदार के घर में घुसा होने का पता लगते ही सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे और आस पड़ोस की छतों पर इकट्ठा हो गए।
उधर, सूचना दिए जाने के काफी देर बाद नगीना रेंजकर्मी मौके पर पहुंचे और दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बामुश्किल गुलदार को पिंजरे में कैद कर लिया। गृह स्वामी साबिर अंसारी ने बताया एक घर के अलग-अलग दो हिस्सों में उसका और बड़े भाई नासिर अंसारी का परिवार रहता है। वे खेतों से आकर पेड़ के नीचे बैठे ही थे कि गुलदार आ धमका। साबिर ने बताया कि गुलदार की दहशत के चलते दो घंटे तक दोनों परिवार खौफ के साए में कमरों में बंद रहे। गुलदार के पकड़े जाने पर ही परिजनों व ग्रामीणों सहित वन कर्मियों ने राहत की सांस ली। गनीमत रही की कोई अप्रिय घटना नहीं घटी।
यह भी पढ़ें: Mayawati Rally: हाजी याकूब ने मायावती को भेंट किया सोने का मुकुट, नारों से गूंज उठा मैदान, देखें तस्वीरें
उधर, रेंजर नगीना प्रदीप कुमार शर्मा का कहना है कि पकड़ी गई मादा गुलदार है। जिसकी अनुमानित आयु लगभग दो वर्ष है। गुलदार को फिलहाल अमानगढ़ रेंज लाया गया है। गुलदार के मेडिकल चैकअप एवं छोड़ने को लेकर उच्चाधिकारियों के आदेश की प्रतिक्षा है। टीम में वन दरोगा जगत सिंह राणा, मो. अब्बास, सुरेश सिंह, मुजीबुर्रहमान सहित रेहड़ थाना प्रभारी धीरज सोलंकी पुलिस बल के साथ मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: UP: इकरा हसन को बताया पाकिस्तानी, फेसबुक पर फोटो के साथ की टिप्पणी, खूब वायरल हो रहा मामला, कार्रवाई की मांग