दरवाजे बनाने के कारखाने में लगी भीषण आग
नजीबाबाद। दरवाजे बनाने के कारखाने में भीषण आग लगने से करीब 1.5 करोड़ रुपये का तैयार और कच्चा माल जलकर राख हो गया। बृहस्पतिवार सुबह हुए अग्निकांड में अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
मोहल्ला सेवाराम निवासी रोशन बिलाल का दरवाजे बनाने का कारखाना बुंदकी रोड पर स्थित है। कारखाने में बृहस्पतिवार सुबह करीब चार बजे भीषण आग लग गई। चौकीदार लाखन सिंह ने कारखाना मालिक को आग लगने के सूचना दी। अग्निशमन दल प्रभारी केएस जादौन टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। कारखाने में बड़ी मात्रा में तैयार कीमती दरवाजे, कच्चा माल और मशीन जल गई। रोशन बिलाल ने करीब 1.5 करोड़ रुपये का नुकसान होने की जानकारी दी। बताया जाता कि कारखाने में बुधवार की शाम पांच बजे तक काम हुआ था। आग शॉर्ट सर्किट से लगी या किसी अन्य कारणों से ज्ञात नहीं हो सका।

नजीबाबाद में दरवाजा बनाने के कारखाने में अग्निकांड की जानकारी देते रोशन बिलाल।- फोटो : NAZIBABAD