Bijnor: चालक-परिचालक चाय पीने गए तो नशेड़ी ले उड़ा रोडवेज बस, दस किमी दौड़ाई, खेत में जाकर रोकी
अफजलगढ़ में कालागढ़ बस स्टैंड से शराबी युवक रोडवेज बस स्टार्ट कर ले उड़ा। अनियंत्रित बस ने ई-रिक्शा और दूसरी बस को टक्कर मारी, कई लोग घायल हुए। पुलिस ने आरोपी समेत बस चालक और परिचालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
विस्तार
बिजनौर जनपद के अफजलगढ़ में शनिवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कालागढ़ बस स्टैंड पर खड़ी कौशांबी डिपो की बस को एक शराबी युवक स्टार्ट कर फरार हो गया। बस के चालक और परिचालक उस समय पास की दुकान पर चाय पी रहे थे और बस की चाबी निकालना भूल गए थे।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली से आई कौशांबी डिपो की बस सुबह 11:30 बजे कालागढ़ पहुंची। सभी यात्री उतर चुके थे और दिल्ली जाने वाले यात्रियों के इंतजार में बस खड़ी थी। इस बीच, गांव जामुनवाला का मनोज शराब के नशे में बस में चढ़ा और स्टार्ट कर दौड़ा दी। बस जाते देख चालक विलियम राय और परिचालक सुरेश घबराकर उसका पीछा करने लगे।
अनियंत्रित बस ने सेंट मेरीज़ चर्च के सामने एक ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे उसमें सवार महिलाएं घायल हो गईं। अगवानपुर के पास बस दूसरी रोडवेज बस से भी जा टकराई। पुलिस ने पीछा कर बस को रुकवाने की कोशिश की तो आरोपी मनोज घबरा गया और बस को सड़क किनारे गड्ढे में घुसा दिया।