चीनी मिल की पेराई क्षमता बढ़ाने की मांग
नजीबाबाद। भाकियू लोकशक्ति ने चीनी मिल की पेराई क्षमता बढ़ाने, बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने सहित कई मांगों को लेकर तहसील परिसर में धरना दिया। संगठन के जिलाध्यक्ष चौ. वीर सिंह, महासचिव पद्म सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को किसानों ने तहसील परिसर में सभा की। किसानों ने किसान सहकारी चीनी मिल की पेराई क्षमता बढ़ाने की मुख्यमंत्री की घोषणा फाइलों में कैद होने पर रोष व्यक्त किया। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम विजय वर्धन तोमर को सौंपा गया। ज्ञापन में किसानों ने एमएसपी पर कानूनी गारंटी देने, स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करने, आवारा पशुओं से फसलों को पहुंचने वाले नुकसान पर अंकुश लगाने, 60 वर्ष से अधिक किसान मजदूरों को 10 हजार रुपये मासिक पेंशन देने तथा गन्ना किसानों का बकाया मूल्य तत्काल भुगतान कराने की मांग की। इस दौरान गजराज सिंह, अजय पाल, दयाराम, मनीष चौधरी, बिट्टू सिंह, फुरकान, अंकित, शहजाद, मलखान सिंह, सुखवीर सिंह, ब्रह्म सिंह, देवदत्त, अरुण सिंह, जरनैल सिंह आदि मौजूद रहे।