प्रदेश में अपराधी बेलगाम : धर्मेंद्र तोमर
धामपुर। शिवसेना के प्रदेश महासचिव धर्मेंद्र तोमर ने कहा कि जब तक बहन, बेटियों की सुरक्षा मजबूत नहीं हो जाती, तब तक उत्तर प्रदेश में रामराज्य की कल्पना करना भी बेमानी है। शिवसेना ने भाजपा को छोड़ा है न कि हिंदुत्व के मुद्दे को। हिंदुत्व की लड़ाई को लेकर आज भी शिवसेना सबसे आगे मैदान में है।
भगत सिंह चौक स्थित विजय कुमार जैन के आवास पर आयोजित बैठक में उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को अपराध मुक्त, गड्ढा मुक्त सड़कें बनाने का दावा करने वाली योगी सरकार चार वर्ष में भी यह नहीं कर पाई है। उत्तर प्रदेश में बड़ी संख्या में अपराधी बेलगाम घूम रहे हैं। प्रदेश में दो वर्षों के भीतर ही अब तक 34 साधुओं की हत्या हो गई। लेकिन एक भी हत्या का आरोपी नहीं पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि आगामी ग्राम पंचायत में शिवसेना अकेले दम पर चुनाव मैदान में उतरेगी। विजय कुमार जैन को प्रदेश संयुक्त सचिव के पद से हटाकर नगर जिला प्रभारी के पद पर नियुक्त किया गया है। उन्होंने जिले की सभी सीटों पर सक्रिय पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं को चुनकर चुनाव मैदान में उतरने के निर्देश दिए। इस दौरान युवा शिवसेना के जिला अध्यक्ष विपिन प्रजापति, प्रदेश उपप्रमुख नरेश कुमार, जिला प्रमुख युवा सेना, संयम जैन, पूर्व मंडल प्रभारी हेमंत चौहान, अमन शर्मा, संजय कुमार आदि मौजूद रहे।