फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bijnor News ›   Bunny Knight Knight musical ruckus

म्यूजिकल नाइट बनी हंगामा नाइट

Wed, 09 Sep 2015 12:06 AM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, बिजनौर
ब्यूरो/अमर उजाला, बिजनौर Updated Wed, 09 Sep 2015 12:06 AM IST
विज्ञापन
Bunny Knight Knight musical ruckus
बिजनौर। जिला कृषि, औद्योगिक और सांस्कृतिक प्रदर्शनी में सोमवार रात आयोजित म्यूजिकल नाइट हंगामे की भेंट चढ़ गई। भीड़ के सामने सारी व्यवस्थाएं फेल हो गईं। बैठने के लिए कुर्सी मिलने के बावजूद सामने लोगों के अड़ने से दर्शकों ने कुर्सियों फेंकनी शुरू कर दी।
विज्ञापन


एक कुर्सी स्टैंड में बैठे चेयरमैन फरीद अहमद के भी जाकर लगी। भीड़ में से किसी ने स्टैंड में चप्पल फेंकी जो वरिष्ठ सपा नेता व चांदपुर के चेयरपर्सन पति शेरबाज पठान के सिर के पास से होकर गुजरी। नाराज नेता कार्यक्रम छोड़ चले गए। थोड़ी देर बाद सभी अतिथि चले गए। भीड़ एक-दूसरे पर कुर्सी फेंकती रही। पुलिस ने रात करीब 11 बजे से लाठी चलाने का जो सिलसिला शुरू किया वो रुक-रुक तड़के तीन बजे तक चलता रहा। कार्यक्रम खत्म होने के बाद भी भीड़ कुर्सियां तोड़ती हुई मैदान से निकली।
विज्ञापन



सोमवार रात इंदिरा बाल भवन में बॉलीवुड अभिनेत्री मोनिका बेदी की डांस परफोरमेंस थी। मोनिका बेदी को देखने के लिए आयोजन स्थल में दर्शकों का हुजूम टूट पड़ा। कार्यक्रम में शाम सात बजे से ही भीड़ मैदान में जमनी शुरू हो गई। कार्यक्रम का उद्घाटन करीब 11 बजे विधायक रुचिवीरा, सपा नेता शेरबाज पठान, चेयरमैन फरीद अहमद ने किया। करीब 11 बजे कार्यक्रम शुरू होने के बाद ही इंदिरा बाल भवन में भीड़ बेकाबू होनी शुरू हो गई।
विज्ञापन
विज्ञापन


स्टैंड (वीआईपी के बैठने का स्थान) पास भीड़ जमा होने के कारण पीछे खड़े लोगों को स्टेज भी दिखाई  देनी बंद हो गई तो भीड़ ने कुर्सियां फेंकनी शुरू कर दी। इसके साथ ही पुलिस द्वारा लाठी फटकारने का सिलसिला शुरू हो गया। बेकाबू भीड़ कुर्सी फेंकती रही और पुलिस लाठी फटकारती रही। कुछ युवक टेंट के लोहे के पाइपों पर चढ़ गए। उनके वजन से एक पाइप भी टूट गया। रात करीब एक बजे ने स्टैंड के पीछे से किसी ने कुर्सी फेंकी । कुर्सी का पाइप चेयरमैन फरीद अहमद के सिर में जा लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक चेयरमैन को चोट लगने से चक्कर आ गए। कुछ देर बाद ही किसी ने स्टैंड में चप्पल फेंकी जो सपा के वरिष्ठ नेता शेरबाज पठान के सिर के पास से होकर निकल गई। गुस्से से तिलमिलाए शेरबाज पठान कार्यक्रम छोड़कर चले गए। थोड़ी देर बाद विधायक, चेयरमैन भी अव्यवस्थाएं देखकर मंच छोड़कर चले गए। भीड़ ने महिलाओं के लिए आरक्षित कुर्सियों पर भी बैठने की कोशिश की। पुलिस ने तीन बार लाठियां भांजकर उन्हें खदेड़ा। आयोजक पूरा नजारा आंखों से देखते रहे। कार्यक्रम में विधायक रुचिवीरा की पुत्री स्वाति वीरा, सपा नेता, खुशनूद खां, शमशाद अंसारी आदि मौजूद रहे।

 आयोजकों के छूटे पसीने
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि करीब साढ़े दस बजे स्टैंड में जाकर बैठ गए। स्टैंड के पास इतनी भीड़ जमा थी कि आयोजकों को उनके स्टैंड तक ले जाने में पसीने छूट गए। करीब 20 मिनट बाद पुलिस बुलाकर किसी तरह उनको स्टेज तक ले गई ।
 
 मोनिका बेदी का चेहरा तक नहीं देख पाए
कार्यक्रम में निधि शुक्ला सहित कई कलाकारों ने अपनी प्रस्तुति दी। करीब सवा 12 बजे मोनिका बेदी अपने ग्रुप के साथ मंच पर आई, लेकिन भीड़ के कारण अधिकतर लोग मोनिका बेदी का डांस देखना तो दूर, चेहरा भी नहीं देख पाए। मोनिका बेदी ने कार्यक्रम में कुल दो बार डांस किया। बाकी समय में साथी कलाकारों ने नृत्य किया।

 राइफल लेकर घूमते रहे युवक
जिले में धारा 144 लगी हुई है। लाइसेंसी शस्त्र पुलिस द्वारा जब्त किए जा रहे हैं, लेकिन स्टेज पर 20-22 साल के दो युवक राइफल लेकर घूमते रहे। किसी भी पुलिसकर्मी ने उनको नहीं टोका। शुरू में दर्शकों को भी इन्हीं युवकों ने गेट पर खड़े होकर अपनी मर्जी से अंदर भेजा।

 बाहर रही अधिक भीड़
कार्यक्रम में बहुत भारी भीड़ उमड़ी। कार्यक्रम स्थल से अधिक भीड़ जगह न मिलने के कारण बाहर खड़ी थी। कुछ युवकों ने इंदिरा बाल भवन की दीवार के पास खड़े पानी के टैंकर को खाली कर दिया और उस पर चढ़कर दीवार पर जा बैठे। टैंकर के पीछे बार बार लोड पड़ने पर टैंकर बार बार पीछे की ओर पलटता रहा।

 धूल भरे स्टेज पर डांस से किया मना
रात करीब एक बजे फिल्म अभिनेत्री मोनिका बेदी ने अपनी टीम के साथ डांस किया। उनका एक साथी मंच पर पैर पटकते हुए डांस कर रहा था। इससे मैट से धूल उठने लगी। मोनिका बेदी ने ऐसे धूल भरे मेट पर डांस करने से मना कर दिया और चली गई।

 करंट की चपेट में आकर युवक झुलसा
इंदिरा बाद भवन की बाउंड्री के पास ही नगर पालिका का गेस्ट हाउस बना है। कुछ युवक कार्यक्रम देखने के लिए उस पर चढ़ गए। कार्यक्रम देखते हुए एक युवक वहां से गुजर रही एचटी लाइन की चपेट में आकर झुलस गया। यह देखकर सभी के होश उड़ गए। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

 फाड़कर फेंके पास
आयोजकों द्वारा कार्यक्रम देखने के लिए कुछ पास भी जारी किए गए थे। एक पास पर दो दर्शक अंदर जा सकते थे, लेकिन जगह न मिलने के कारण बहुत से लोग पास को फाड़कर आयोजकों को बुरी भली कहते हुए चले गए।

 दो गुट भिड़े
कार्यक्रम में कुर्सी कब्जाने के लिए युवकों के गुट भी आपस में उलझते रहे। कार्यक्रम के बाद दो गुटों में टकराव भी हो गया। दोनों गुटों में जमकर मारपीट हुई।

 लाठी भांजना हुआ आम
प्रदर्शनी में आयोजित होने वाले स्टार नाइट प्रोग्राम में भीड़ को काबू करने के लिए पुलिस द्वारा लाठियां भांजना आम बात हो गया है। साल 2012 में कांटा लगा गर्ल शेफाली जेरीवाला व 2013 में बॉलीवुड अभिनेत्री मेघना नायडू के कार्यक्रम में भी इसी तरह जमकर बवाल हुआ था।

पुलिस को भीड़ को काबू करने के लिए जमकर लाठियां भांजनी पड़ी थी। इसके बाद भी पालिका प्रशासन व आयोजक सीख लेने को तैयार नहीं हैं। चेयरमैन फरीद अहमद के मुताबिक प्रदर्शनी में बाकी कार्यक्रम बहुत अच्छे हुए, लेकिन सोमवार को हुए कार्यक्रम में कुछ ज्यादा ही भीड़ आ गई। उनके मुताबिक कुर्सी का पाया उनको लगा नहीं था, बस छूकर निकल गया था।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed