बिजनौर: नया मोबाइल नहीं मिला तो बिजली के ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ा 25 वर्षीय युवक, एक घंटे बाद पुलिस ने उतारा
बिजनौर के धामपुर क्षेत्र के सुहागपुर गांव में नया मोबाइल नहीं मिलने पर 25 वर्षीय युवक बिजली के ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद उसे नीचे उतारा।
विस्तार
बिजनौर जनपद में धामपुर क्षेत्र के सुहागपुर गांव में नया मोबाइल दिलाने की मांग पूरी नहीं होने पर 25 वर्षीय युवक बिजली के ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। करीब एक घंटे तक उसे नीचे उतारने की कोशिश की गई। सूचना पर पहुंची 112 पुलिस ने युवक को समझाकर नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर चालान कर दिया।
नया मोबाइल नहीं मिलने पर टावर पर चढ़ा
रविवार को युवक ने परिवार के लोगों से नया मोबाइल दिलाने की मांग की थी। मांग पूरी नहीं होने पर उसका परिवार से विवाद हो गया। इसके बाद वह दबाव बनाने के लिए बिजली के ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ गया। युवक के टावर पर चढ़ने से गांव में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
यह भी पढ़ें: पुलिस भर्ती की परीक्षा मेरठ: आठ अभ्यर्थियों की हालत बिगड़ी, दो के पैर में फ्रैक्चर; 828 ने लगाई 4.8 किमी दौड़
पुलिस ने समझाकर नीचे उतारा
सूचना मिलने पर 112 पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने करीब एक घंटे तक युवक को समझाने का प्रयास किया। समझाने के बाद युवक टावर से नीचे उतर आया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और चालान किया।
कई बार मोबाइल बेचने या गिरवी रखने की बात
विवेचनाधिकारी रविंद्र प्रताप सिंह के अनुसार, युवक कई बार मोबाइल फोन बेच चुका है या किसी दुकान पर गिरवी रख चुका है। परिवार के लोग कई बार उसके मोबाइल छुड़ा चुके हैं। रविवार को भी उसने नया मोबाइल लेने के लिए परिवार से विवाद किया था। मांग पूरी नहीं होने पर वह टावर पर चढ़ गया।