बच्चों को टीकाकरण के प्रति किया जागरूक
नींदडू़। क्षेत्र में शत प्रतिशत बच्चों को खसरा और रुबेला रोग से बचाव के टीके लगवाने के लिए अभिभावकों को समझाने व प्रेरित करने के लिए उलेमा का सहयोग लिया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग व ग्राम प्रधानों के बीच हुई वार्ता में बृहस्पतिवार को प्राथमिक विद्यालय में उलेमा को जोड़ने पर सहमति बनी है। जच्चा बच्चा केंद्र पर आयोजित बैठक में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. पीके गुप्ता, डॉ. मनीष चौहान, नींदडू़ खास के प्रधान पति मुदस्सर अली, वाजिदपुर-वीरू के अथर हुसैन एवं मोहम्मद अलीपुर भिक्कन के अरशद अली के साथ नींदडू़ की तीनों पंचायतों में शत प्रतिशत बच्चों को खसरा-रूबेला के टीके लगाने में सफलता के लिए मसजिदों के इमाम तथा उलेमा का सहयोग लिया जाएगा। सहमति के आधार पर बृहस्पतिवार को प्राथमिक विद्यालय में सुबह दस बजे बैठक रखी गई है। इसमें खंड शिक्षा अधिकारी के अलावा सभी मस्जिदों के इमाम तथा उलेमा को आमंत्रित किया गया है। इमाम व उलेमा से राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत खसरा रुबेला के टीकाकरण में आ रही अड़चन को दूर कराने में सहयोग मांगा जाएगा। बैठक में प्रधान अध्यापक प्रमोद कुमार, विरेंद्र सिंह, दमयंती देवी, एएनएम रीना कमारी, मुदस्सर अली, अथर हुसैन तथा अरशद अली के अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं आशाएं उपस्थित रहीं।