सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने पर जोर दे रही है, लेकिन विशेषज्ञों की कमी से मरीजों को परेशानी उठानी पड़ रही है। महाराजा चेत सिंह जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की व्यवस्था होने के बावजूद गर्भवती महिलाओं समेत अन्य मरीजों को उसका लाभ नहीं मिल रहा है। विवशता में बाहर के केंद्रों में 400 से 500 रुपये में मरीज अल्ट्रासाउंड करा रहे हैं।
महाराजा चेत सिंह जिला अस्पताल में एक रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती की गई है। रेडियोलॉजिस्ट के एक माह की छुट्टी पर जाने से सबसे ज्यादा गर्भवती महिलाओं को परेशानी उठानी पड़ रही है। बाहर के अन्य सेंटरों पर 400 से 500 रुपये में अल्ट्रासाउंड करवाना पड़ रहा है। मरीजों का कहना है कि सरकार सुविधा तो दे रही है, लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। सोमवार को महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचीं कूड़ा रामपुर निवासी रेखा, सरई मिसरानीपुर निवासी विनू पांडेय, शिवारामपुर निवासी प्रियंका पाल ने बताया कि जिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड नहीं होने के कारण बाहर से 400 रुपये देकर अल्ट्रासाउंड कराने को विवश होना पड़ा। महाराजा चेतसिंह जिला अस्पताल ज्ञानपुर के सीएमएस डॉ. संजय शर्मा का कहना है कि जिला अस्पताल में रेडियोलॉजिस्ट के एक माह के लिए छुट्टी पर जाने से अल्ट्रासाउंड बंद है। छुट्टी पूर्ण होते ही अल्ट्रासाउंड शुरू कर दिया जाएगा।