सुरियावां। कोतवाली के सामने स्थित अति प्राचीन महरानी शीतला माई मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए व्यापारियों ने पहल शुरू की है। मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए सभी एक जुट होकर सहयोग दे रहे हैं। मंदिर को आकर्षक एवं भव्य बनाने के लिए 30 लाख खर्च करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इसके लिए राजस्थान से कारीगर भी आ गए हैं। मंदिर में विभिन्न प्रकार के पत्थर भी लगाए जाएंगे, जिसे राजस्थान से मंगाया गया है। धार्मिक स्थलों को बेहतर करने के लिए शासन स्तर से भी तमाम प्रकार के मद मिलते हैं, हालांकि सभी मंदिरों का चयन नहीं हो पाता है। सुरियावां नगर के सुरेश्वर महादेव मंदिर का जीर्णोद्धार ने के बाद अब व्यापारी शीतला माई मंदिर के लिए भी पहल शुरू कर दी है। चेयरमैन विनय चौरसिया के नेतृत्व में व्यापारी इसके लिए सहयोग राशि एकत्रित कर रहे हैं। इसमें नगर के व्यापारी बढ़-चढ़कर शामिल हो रहे हैं। चेयरमैन ने बताया कि मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए सभी एकजुट हुए हैं। 30 लाख खर्च करने का प्रस्ताव बनाया गया है। राजस्थान से पत्थर मंगाए जा चुके हैं। वहीं से कारीगर को भी बुलाया गया है। मंदिर की नींव से काम शुरू हुआ है। उन्होंने बताया कि नगर में कोई भी मांगलिक आयोजन होता है तो लोग पहले इसी मंदिर पर आते हैं। यहां से आशीर्वाद लेने के बाद ही वह कार्य किया जाता है। इस मौके पर पंकज उमर, छेदी लाल साहू, मदन जायसवाल, अमित उमर, रोहित चौरसिया, पंजाबी मोदनवाल, ऋषि मोदनवाल आदि मौजूद रहे।