ज्ञानपुर। अफसोस तो रुखसत हुआ, माहे मुबारक अलविदा...। ये सदाएं शुक्रवार को जिले के विभिन्न मस्जिदों में अलविदा जुमा की नमाज के दौरान गूंजती रहीं। मुकद्दस रमजान माह के अलविदा जुमे की नमाज जिले भर में अकीदत के साथ अदा की गई। इस दौरान हजारों की संख्या में मौजूद मुस्लिम बंधुओं ने खुदा के सजदे में सिर झुकाया और अमनचैन की दुआ मांगी। उधर, अलविदा जुमे की नमाज के साथ ही ईद की तैयारियां भी तेज हो गईं हैं। नमाज के दौरान सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किये गये थे। जिले के 188 मस्जिदों में जुमे की नमाज अदा की गई। ज्ञानपुर के मुख्य बाजार में स्थित मस्जिद में दोपहर 12 बजे से ही मुस्लिम बंधु जुटने लगे थे। साढ़े 12 बजे से अलविदा जुमा की नमाज अदा की गई। पुलिस विभाग से मिली जानकारी के अनुसार सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर रहे थे। साथ ही सभी थानों को 50-50 अतिरिक्त पुलिस कर्मी दिए गए थे। जिले में एक कंपनी पीएसी भी लगायी गई थी। पुलिस लाइन में रिजर्व में रहने वाले इंस्पेक्टर, एसआई आदि को भी थाना क्षेत्रों में भेजा गया। गोपीगंज: नगर एवं देहात क्षेत्र से भारी संख्या में अकीदतमंदों ने प्रसिद्ध जामा मस्जिद, मदीना मस्जिद, मुजाहिद मस्जिद, समेत बरजी व अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित मस्जिद में नमाज अदा की गई। नमाज के बाद जमा मस्जिद में नायब मोतवल्ली ने कहा कि जुमे का दिन तमाम दिनों का सरदार है। माबूद खान ने कहा कि रमजान के तीसरे व आखिरी अशरे में एक रात ऐसी है जिसकी इबादत से 700 साल की इबादत के बराबर सवाब मिलता है। गोपीगंज रमाजन माह में आखिरी जुमा अलविदा की नमाज अदा करने के लिए आये लोगों ने नमाज अदा करने के बाद सेंवई, टोपी आदि की खरीदारी भी की। जामा मस्जिद व आस पास व नगर में अन्य स्थानों पर आकर्षक टोपी, खजूर, सेवई, चिप्स, पापड़, सुतफेनी आदि की दुकानें लगाई गईं हैं। दुकानें रमजान माह के पहले दिन से ही लग जाती है, लेकिन समय के साथ खरीदारो के साथ दुकानों की संख्या बढ़ जाती हैं। शुक्रवार को अलविदा जुमे की नमाज को लेकर जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में स्थित मस्जिदों में सुबह से ही तैयारियां शुरू कर दी गई थी। नमाजियों की संख्या अधिक होने की संभावना को देखते हुए कई जगह पर टेंट लगाए गए। जामा मस्जिद में 1.15 बजे अलविदा जुमा की नमाज अदा कराई गई। इमाम हाफिज अनीसुल कादरी ने अलविदा जुमा की नमाज अदा कराई। जामा मस्जिद के नायब मोतवल्ली मो हसनैन ने कहा कि रमजान और अलविदा जुमा की नमाज में व्यापारियों, दुकानदारों ने सहयोग किया। इसी क्रम में मदीना मस्जिद चुड़िहारी मोहाल में हाजी गुलाम मुर्तजा तथा मुजाहिद मस्जिद नई बस्ती में हाफिज हैदर कादरी ने नमाज अदा करवाई। इस मौके पर माबूद खा, गुड्डू चौधरी, लल्लू हाशमी,परवेज हाशमी,मो आलम,मो अली, हाफिज अशरफ,सरवर खा, एनुलहक, समेत अनेक लोग मौजूद रहे।