ज्ञानपुर। जिले से गुजरने वाले विंध्य एक्सप्रेसवे को रद्द करने की मांग को लेकर संयुक्त किसान मोर्चा के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारी मुखर हो गए हैं। बुधवार को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर विरोध जताया। जिलाध्यक्ष इंद्रदेव पाल के नेतृत्व में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। उन्होंने कहा कि विंध्य एक्सप्रेसवे और पक्षी विहार योजना को रद्द किया जाए। कहा कि जिले के एक छोर पर सिक्सलेन और दूसरे छोर पर पहले ही फोरलेन गुजर चुका है। एक्सप्रेसवे बनने से किसानों की उपजाऊ जमीन चली जाएगी। संगठन की तरफ से किसानों की भूमि कृषि के लिए सुरक्षित रखने और जबरन भूमि अधिग्रहण न करने पर भी जोर दिया गया।
शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और नई शिक्षा नीति वापस लेने की मांग भी इसमें शामिल रही। किसानों ने वन्य और आवारा जानवरों से फसलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की भी अपील की। इस मौके पर घनश्याम गौतम, हीरालाल यादव, केशव प्रसाद, मिठाई लाल, अमरावती, बंसराज, सूबेदार, सुनील कुमार, हीरा नारायण, रामलाल आदि रहे।