ज्ञानपुर (भदोही)। सूबे के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री एके शर्मा ने कहा कि जीएसटी में बदलाव का जनता को लाभ मिलेगा। नवरात्र के पहले दिन से इसे लागू कर दिया गया है। इससे घरेलू सामान से लेकर अन्य उपयोग होने वाली वस्तुएं सस्ती हो जाएंगी। सरकार का यह निर्णय जनहित में लिया गया है। वह शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जीएसटी सुधार के लिए तीन सितंबर को 56वीं जीएसटी काउंसिल की बैठक हुई। इसमें यह निर्णय लिया गया। 2017 में जीएसटी लागू होने के बाद से अब तक का सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण बदलाव है। यह देश के लिए दिवाली का तोहफा है। इससे करोड़ों परिवारों को बचत सीधे उनके हाथों में जाएगी। इसके पूर्व प्रभारी मंत्री ने कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व, विकास व कानून व्यवस्था की बैठक ली। जिसमें विभागीय अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने बारिश के बाद सड़कों पर गढ्ढें को भरने का निर्देश दिया। पीडब्ल्यूडी विभाग को निर्देशित किया कि जो सड़के अभी निर्माणाधीन है, उन्हें कागजों में पूर्ण न दिखाएं। समय पर ट्रांसफार्मर सही न होने की शिकायत पर नाराजगी जताई। विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि समय सीमा में ट्रांसफाॅर्मर बदलें। शारदीय नवरात्र में दुर्गापूर्जा पंडाल, आयोजकों से कनेक्शन के लिए विभाग को स्वयं संपर्क करने को कहा। प्रभारी मंत्री ने उद्यान विभाग के तहत हॉर्टीकल्चर, फ्लोरिकल्चर पर बल देते हुए सब्जी, फल, फूल के उत्पादन को नवीन तकनीकी आधारित बढ़ाते हुए दुबई निर्यात करने का निर्देश दिया। इस मौके पर सांसद डॉ. विनोद बिंद, विधायक विपुल दूबे, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, डीएम शैलेष कुमार, एसपी अभिमन्यु मांगलिक, एडीएम कुंवर वीरेंद्र मौर्य, सीडीओ बाल गोविंद शुक्ला आदि रहे।