ज्ञानपुर। समय से कार्यालय न पहुंचने वालों पर जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने सख्ती करनी शुरू कर दी है। मंगलवार को उन्होंने सुबह साढ़े दस बजे विकास भवन का निरीक्षण किया और समय से कार्यालय नहीं आने वालों का एक-एक दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया। इसी तरह औराई और भदोही तहसीलों को एडीएम न्यायिक और एडीएम वित्त एवं राजस्व ने निरीक्षण किया। इस दौरान अनुपस्थित मिले तीनों तहसीलों के कुल 16 कार्मिकों का वेतन एक-एक दिन का रोका गया। गैरहाजिर अधिकारी-कर्मचारियों में समाज कल्याण विभाग (विकास) की सहायक विकास अधिकारी ऐश्वर्य राज लक्ष्मी, लघु सिंचाई विभाग की सहायक अभियंता रितु कुमारी, अमीन खुशबहार, जिला कार्यक्रम अधिकारी कार्यालय के प्रधान सहायक संजय प्रसाद सिंह, वरिष्ठ सहायक मो. आरिफ व डीसी पोषण नीलाभ सिंह, कौशल विकास विभाग के एमआईएस राजकुमार गिरी, एक अन्य कर्मी योगेंद्र कुमार, तहसील भदोही के अशोक कुमार अग्रवाल, नायब नाजिर आशा देवी, भूमि संरक्षण विभाग के भूमि संरक्षण अधिकारी कमलजीत सिंह, कनिष्ठ सहायक बृजेश कुमार व चतुर्थ श्रेणी विजय कुमार अनुपस्थित मिले। आपूर्ति विभाग के पूर्ति निरीक्षक विनोद कुमार विश्वकर्मा, संगीता यादव, भूमि अधिपत्य विभाग की रंजना पटेल अनुपस्थित पायी गईं। डीएम आर्यका अखौरी ने कहा कि सभी को निर्देशित किया गया कि समय से कार्यालय पहुंचे। जनता की समस्याओं को त्वरित निस्तारण हो। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।