ज्ञानपुर। प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को जल्द ही मशरूम की पौष्टिक सब्जी का स्वाद मिलेगा। पायलट प्रोजेक्ट के तहत औराई के 15 स्कूलों में मिड डे मील की मीनू में शामिल किया जाएगा। डीएम आर्यका अखौरी ने प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी। आपूर्ति करने वाली संस्था से अनुबंध होने पर स्कूलों में इसकी सब्जी बननी शुरू हो जाएगी। वैदिक एग्री प्रोड्यूसर कंपनी मशरूम की आपूर्ति करेगी। प्रयास सफल रहा तो जिले के सभी 892 स्कूलों के बच्चे मशरूम का स्वाद पाएंगे। जिले के 892 प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक और कंपोजिट विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों को दोपहर के भोजन में सब्जी, दाल, रोटी, चावल, तहरी संग नाश्ते में दूध और फल दिया जाता है। पिछले दिनों जिला प्रशासन के अधिकारियों संग बेसिक शिक्षा विभाग और वैदिक एग्री प्रोड्यूसर कंपनी के प्रतिनिधियों संग बैठक हई। जिसमें औराई ब्लॉक के 15 विद्यालयों में बन रहे भोजन में इसे शामिल करने का निर्णय लिया गया। डीएम ने शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी, लेकिन अभी तक अनुबंध नहीं हो सका है। माना जा रहा है कि जल्द ही इसे मीनू में शामिल किया जाएगा। सफल होने पर सभी स्कूलों में मशरूम की सब्जी बनेगी। बीएसए भदोही भूपेंद्र नारायण सिंह ने बताया कि परिषदीय स्कूलों में बन रहे मध्याह्न भोजन में मशरूम को शामिल करने को लेकर जिला प्रशासन की ओर से बैठक की गई है। फिलहाल औराई ब्लॉक के 15 स्कूलों में इसे शुरू करने की योजना है। सफल होने पर सभी स्कूलों में लागू किया जाएगा।