Live Coronavirus Update News Bhadohi: जिले में तीन पुलिस कर्मी, बैंक कर्मी समेत 15 नए संक्रमित मिले
भदोही जिले में शुक्रवार को एक बैंक कर्मचारी और तीन पुलिसकर्मियों समेत जिले में कोरोना के 15 नए मरीज मिले। इसके साथ कुल पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 335 हो गई। संक्रमित मिले मरीजों में दो प्रयागराज के रहने वाले हैं, जिन्होंने भदोही में जांच कराई थी।
शुक्रवार को जिले के कोविड-19 पोर्टल पर 15 नए मरीज जुड़ गए। इन लोगों ने 21, 22 और 23 जुलाई को सैंपलिंग कराई थी। तीन पॉजिटिव लोगों की जांच ट्रू-नाट मशीन पर हुई थी।
संक्रमित पाए गए मरीजों में पीएनबी की गोपीगंज शाखा के 42 वर्षीय कर्मचारी, गोपीगंज की 24 वर्षीय महिला, गुलौरी गांव की 22 वर्षीय युवती, अमिलौर की 45 वर्षीय महिला, अबरना गांव निवासी 13 वर्षीय किशोर और उसकी 32 वर्षीय मां, सुरियावां के नेता नगर निवासी 40 वर्षीय व्यवसायी शामिल है।
वहीं मधुपट्टी की 25 वर्षीय महिला, मूसी निवासी 30 वर्षीय पुरुष, ज्ञानपुर कोतवाली के तीन पुलिसकर्मी, भजईपुर खमरिया निवासी बुजुर्ग, नागमलपुर निवासी 67 वर्ष के बुजुर्ग और जौहरपुर गांव निवासी 30 वर्षीय पुरुष भी संक्रमित है। सीएमओ डॉ. लक्ष्मी सिंह ने कहा कि संक्रमित मिले लोगों के संपर्क में आए लोगों को चिह्नित कर जांच कराने का प्रयास किया जा रहा है।