Bhadohi News: प्रेमिका को पाने के लिए पति का अपहरण, असलहा सटाकर कहा- पत्नी को फोन पर दो तीन तलाक
जौनपुर के एक युवक ने प्रेमिका को पाने के लिए बुधवार को उसके भदोही निवासी पति का ही अपहरण कर लिया। पैसे का प्रलोभन देते हुए असलहा सटाकर पत्नी के पास फोन कराया और तलाक देने का दबाव भी बनाया।
विस्तार
जौनपुर के एक युवक ने प्रेमिका को पाने के लिए बुधवार को उसके भदोही निवासी पति का ही अपहरण कर लिया। पैसे का प्रलोभन देते हुए असलहा सटाकर पत्नी के पास फोन कराया और तलाक देने का दबाव भी बनाया। हालांकि पुलिस की सक्रियता से युवक करीब चार घंटे में ही बरामद कर लिया गया।
अपहरण करने वाले चारों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए। उनके पास से असलहा, चाकू आदि बरामद किया गया। भदोही केे व्यस्त मोहल्ले मच्छरहटा गली में सुबह साढ़े नौ बजे एक कार से चार युवक आए। लोगों की मानें तो सबके सामने ही युवकों ने बाइक से उतरे एक युवक को जबरदस्ती वाहन में बैठा लिया।
युवक ने जब विरोध किया तो युवकों ने असलहा सटा दिया। इस बीच कुछ लोगों ने इसका वीडियो भी बना लिया था। जैसे ही अपहरणकर्ता युवक को लेकर आगे बढ़े कि मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को जानकारी दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे, वाहन नंबर आदि के आधार पर तलाश शुरू कर दी। पता चला कि कार सवार जौनपुर के रहने वाले हैं।
इसी आधार पर रामपुर की तरफ पुलिस ने पीछा किया और चारों को पकड़ लिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक राजेश भारती ने बताया कि जिन युवकों ने युवक को अगवा किया था उनमें एक मो. मोअज्जम का प्रेम प्रबंध अगवा किए गए युवक की पत्नी से था। शादी बीते मई माह में हुई थी।
मोअज्जम चाहता था कि प्रेमिका का पति उसे छोड़ दे। इसके लिए उसने अगवा करने की प्लानिंग की। अगवा करके ले जाते समय उसने युवक से उसकी पत्नी के मोबाइल पर फोन कराया और तलाक देने के लिए दबाव बनाया। कुछ पैसे का प्रलोभन देते हुए किसी से न कहने की धमकी भी दी।
एएसपी के अनुसार, इस मामले में अपहरण का मुकदमा दर्ज कर मोअज्जम के साथ ही उसके अन्य तीन साथियों फैजुर्रहमान व कैफ तथा भदोही निवासी मो.रुस्तम को गिरफ्तार कर लिया गया है।