Bhadohi News: 22 लाख का गांजा बरामद, छह तस्कर गिरफ्तार, उड़ीसा से लाकर बेचने की फिराक में थे बदमाश
Bhadohi News: तस्कर पुलिस को चकमा देकर भागने की फिराक में थे लेकिन कार्रवाई करते हुए सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। एसपी ने बदमाशों को पकड़ने के लिए टीम की नियुक्ति भी की थी।
विस्तार
गोपीगंज के कोतवाली पुलिस एवं स्वाट टीम को शुक्रवार की सुबह बड़ी सफलता हाथ लगी। गोपीगंज-मिर्जापुर रोड पर रैपुरी के पास स्थित ईंट-भट्ठे से चेकिंग के दौरान छह तस्करों संग दो लग्जरी कार से चार बोरियों में 72 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद किया।
पुलिस ने गांजा की अनुमानित कीमत 22 लाख जबकि वाहन समेत बरामद सामानों की कीमत 42 लाख बताई। तस्कर उड़ीसा से सस्ते दाम पर गांजा लाकर पूर्वांचल के जिलों में बेचने की तैयारी में लगे थे, लेकिन पकड़े गए। सभी तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा।
जिले में मादक पदार्थ की तस्करी के रोकथाम के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. मीनाक्षी कात्यायन ने सभी थाना प्रभारियों के नेतृत्व में टीम गठित किया है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजवीर सिंह के पर्यवेक्षण पुलिस एवं स्वाट की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को मुखबीर की सूचना पर रैपुरी ईंट-भट्ठा के पास से अंतर्राज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी करने वाले गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।
उनके पास दो लग्जरी कार से चार बोरियों में 72.300 किलो गांजा, छह एंड्राइड मोबाइल, एक टैबलेट, पांच आधार कार्ड बरामद किया। पुलिस के मुताबिक बरामद गांजा और तस्करी में प्रयुक्त वाहनों की कुल अनुमानित कीमत 42 लाख है।
वाराणसी एवं आसपास के जिलों में बेचते हैं गांजा
प्रभारी निरीक्षक संतोष सिंह ने बताया कि तस्करों ने बताया कि उनका अंतर्राज्यीय स्तर पर गांजा तस्करी करने का गिरोह है। उड़ीसा के जंगलों से सस्ते दाम पर गांजा खरीद कर चार पहिया वाहनों से चोरी छिपे वाराणसी एवं आसपास के जिलों में बेचते हैं। गांजा बिक्री से प्राप्त धन को आपस में बांटकर अपनी आवश्यकताओं की पूर्ति करते हैं।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि गिरफ्तार तस्करों में विवेक त्रिपाठी निवासी महामनापुरी कॉलोनी चितईपुर वाराणसी, भानु प्रताप सिंह, विवेक सिंह, शैलेश गौतम निवासीगण बीरमपुर कपसेठी वाराणसी, विनय कुमार तिवारी निवासी उमरी गौरा बादशाहपुर जौनपुर, अभिषेक सिंह उर्फ रिशु निवासी सुल्तानपुर पट्टी जिया राय सुरेरी जौनपुर शामिल है। सभी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेजा गया। गिरफ्तारी टीम में उप निरीक्षक संतोष कुमार सिंह, नरेंद्र सिंह, इमरान खान, तुफैल अहमद, सुनील पाल, सुनील कन्नौजिया आदि रहे।