ज्ञानपुर। जिले में कोरोना संक्रमित बढ़ने लगे हैं। इससे बचाव के लिए सोमवार से बूस्टर डोज लगना भी शुरू हो गया। इसमें उन्हीं लोगों को बूस्टर डोज लगाई जा रही है, जिन्हें दूसरी डोज लगवाएं नौ माह बीत गए हैं। पहले चरण में हेल्थ केयर, फ्रंट लाइन वर्करों, 60 से अधिक उम्र के लोगों को बूस्टर डोज लगाई जा रही है। बूस्टर डोज लगाने का शुभारंभ जिलाधिकारी आर्यका अखौरी ने स्वयं लगवाकर किया। कोरोना संक्रमण की दो बड़ी लहरों को देख चुके लोग अब किसी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतना चाह रहे हैं। स्वयं और परिजनों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए शासन की ओर से जारी हर गाइड लाइन का पालन कर रहे हैं। सोमवार को बूस्टर डोज लेने वाले लोग सुबह से ही वैक्सीनेशन केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गए। लाइन में खड़े होकर बारी आने पर बूस्टर लोगों ने डोज लगवाया। उनका कहना था कि जिन लोगों को दूसरी डोज लगे नौ माह पूरे हो गए हैं, उन सभी लोगों को बूस्टर डोज लगवाना चाहिए। कोरोनारोधी टीकाकरण 15 जनवरी 2021 से शुरू हो गया था। शुरूआती दौर में फ्रंटलाइन वर्कर, स्वास्थ्यकर्मी और उसके बाद बुजुर्ग, बीमार, 45 साल से अधिक और 18 साल से अधिक उम्र के लोगों को चरणबद्ध तरीके से वैक्सीन लगाई गई। इसके बाद तीन जनवरी से 15 से 18 साल तक के किशोर, युवाओं को वैक्सीन लगाने की शुरूआत हुई। अब कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर को देखते हुए बूस्टर डोज की शुरूआत हो गई।