{"_id":"5bb27099867a557f02568139","slug":"161538420889-bhadohi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"दो ट्रैक्टर अवैध बालू सीज, दो पर मुकदमा -","category":{"title":"Crime","title_hn":"क्राइम ","slug":"crime"}}
दो ट्रैक्टर अवैध बालू सीज, दो पर मुकदमा -
Updated Tue, 02 Oct 2018 12:47 AM IST
विज्ञापन
गोपीगंज। बाढ़ का पानी उतरते ही गंगा घाटों पर अवैध बालू खनन फिर शुरू हो गया है। अमर उजाला में इसका खुलासा होने के बाद पुलिस और खनन विभाग ने सक्रियता दिखाते हुए अवैध बालू ढो रहे दो ट्रैक्टर को सीज कर दिया। साथ ही गोपीगंज थाने में दोनों चालकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। प्रतिबंध के बाद भी गुलौरी समेत कई घाटों पर गुपचुप तरीके से बालू का अवैध खनन हो रहा है। अमर उजाला ने सोमवार के अंक में ‘गंगा की कोख को खाली कर रहे माफिया’ शीर्षक से खबर प्रकाशित की तो पुलिस और खनन विभाग की नींद खुली। मुखबिर की सूचना पर खनन विभाग ने पुलिस के सहयोग से घनश्यामपुर प्राथमिक पाठशाला के पास दुर्गेश तिवारी निवासी सीकी चौरा को अवैध बालू लदे ट्रैक्टर के साथ गिरफ्तार कर लिया। वहीं, दूसरा ट्रैक्टर गुलौरी गांव में पकड़ा गया, जिसके चालक रोहित निषाद पुत्र गोकुल निषाद को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बालू समेत ट्रैक्टर सीज कर दिए गए। सूत्रों की मानें तो रोहित निषाद ने खनन कराने वाले लोगों का नाम पुलिस को बताया, लेकिन भाजपा के एक बड़े नेता गोपीगंज थाने खनन माफिया को बचाने के लिए पहुंच गए। नेता के दबाव के कारण खनन माफिया पर पुलिस कार्रवाई नहीं कर सकी। खनन निरीक्षक अरविंद यादव ने कहा कि मुखबिर की सूचना पर अवैध बालू ढो रहे ट्रैक्टरों को पकड़ा गया। उन्होंने कहा कि 25 हजार जुर्माना जमा करने पर ट्रैक्टर छोड़ा जाएगा। बालू के न्यूनतम मूल्य से पांच गुना जुर्माना भरने के बाद ही गाड़ी रिलीज होगी। उन्होंने बताया कि इब्राहिमपुर, पुरवां, कूड़ी कला के अलावा जिले में कहीं भी बालू खनन की अनुमति नहीं है। जो भी खनन में लिप्त हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। खनन माफियाओं को राहत देने के सवाल पर कहा कि मामले की जांच की जा रही है। वहीं, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने कहा कि अगर पुलिस ने आरोपियों के नाम बताने के बाद भी कार्रवाई नहीं की तो, यह गंभीर विषय है। इसकी जांच कराई जाएगी।
विज्ञापन