विजय मिश्र पर मुकदमा: ज्ञानपुर के पूर्व विधायक पर अनर्गल बयानबाजी का आरोप, लापरवाही में 8 पुलिसकर्मी निलंबित
विंध्याचल के पुरोहित अवनीश मिश्रा से रंगदारी मांगने के मामले में शुक्रवार को अदालत में पेशी पर आए पूर्व विधायक विजय मिश्र व अन्य पर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, विधि विरुद्ध कार्य करने का मुकदमा दर्ज किया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ज्ञानपुर के पूर्व विधायक बाहुबली विजय मिश्र की मुसीबतें बढ़ती ही जा रही हैं। पूर्व विधायक पर एक और मुकदमा दर्ज किया गया है। विजय मिश्र विंध्याचल के पुरोहित अवनीश मिश्रा से रंगदारी मांगने के मामले में शुक्रवार को अदालत में पेशी पर लाए गए थे।
पेशी के बाद सरकारी कार्य में बाधा डालने, विधि विरुद्ध कार्य करने और अनर्गल बयानबाजी के मामले में मिश्र व अन्य पर मुकदमा दर्ज किया गया। इस दौरान लापरवाही बरतने के आरोप में मिश्र की सुरक्षा में तैनात निरीक्षक समेत आठपुलिसकर्मियों को एसपी ने निलंबित कर दिया।
आगरा जेल से पूर्व विधायक को पेशी पर लेकर आए पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई के लिए वहां के एसपी को पत्र लिखा गया है। विजय मिश्र पर इस समय वाराणसी की गायिका से दुष्कर्म, रिश्तेदार की संपत्ति हड़पने समेत 17 मुकदमे दर्ज हैं। ये मुकदमे वाराणसी, भदोही, प्रयागराज, मेरठ और अन्य जिलों में दर्ज हैं।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि भदोही के माफिया विजय मिश्र को आगरा पुलिस लेकर आई थी। संज्ञान में आया है कि पेशी के बाद विजय मिश्र ने विधि विरुद्ध कार्य किया, सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई और अनर्गल बयानबाजी की। इस मामले में विजय मिश्र व अन्य पर मुकदमा दर्ज किया गया है। लापरवाही बरतने के आरोप में मिर्जापुर के आठ पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की गई है।
परिवार को फंसाने के लिए रखी एके-47 राइफल
रंगदारी के मामले में शुक्रवार को प्रथम एसीजेएम कोर्ट में पेशी पर आए पूर्व विधायक बाहुबली विजय मिश्र ने कहा कि सरकार उनके खून की प्यासी है। परिवार को फंसाने के साजिशन तीन एके-47 राइफलें रखी गई हैँ। इसमें से एक में उनके पुत्र को फंसाया गया है। अभी दो एके-47 बाकी है।
विजय मिश्र की शुक्रवार को रंगदारी मामले में मिर्जापुर के प्रथम एसीजेएम आनंद उपाध्याय के अदालम में पेशी हुई। बयान देने के बाद कोर्ट से बाहर निकले विजय मिश्र ने एडीजी लॉ एंड आर्डर प्रशांत कुमार, डीजी सुधीर कुमार और भदोही के पूर्व एसपी रामबदन पर पुत्र को फंसाने का आरोप लगाया। कहा कि 11 मई को ही एके-47 दिखाकर फंसाने की साजिश थी, लेकिन भदोही कोर्ट में अर्जी दाखिल करने पर ऐसा नहीं कर सके। एक एके-47 लाकर पुत्र को फंसाया है। जहां से एके-47 बरामद हुई है, वह पेट्रोल पंप छह माह से बंद है।
कहा कि विधायक सुशील सिंह ने चार माह पहले ही जेल में बताया था कि आपके बेटे को फंसाया जाएगा। मुंबई में बेटी, दामाद को भी परेशान किया जा रहा है। सीएम ईमानदार है तो सीबीआई जांच कराएं। गौरतलब है कि उनके पुत्र विष्णु मिश्र की पुणे से गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने रिमांड पर लेकर बृहस्पतिवार को गोपीगंज स्थित पेट्रोल पंप से एके-47, पिस्टल और कारतूस बरामद किए थे।
पैसा न देने पर फंसाया गया
पूर्व विधायक ने आरोप लगाया कि एडीजी लॉ एंड आर्डर ने दो करोड़ और भदोही के पूर्व एसपी रामबदन ने एक करोड़ रुपये मांगे थे। रुपये न देने पर फंसाया जा रहा है। प्रशांत कुमार 100 करोड़ और पूर्व विधायक रामबदन 25 करोड़ कमा चुके हैं। विजय मिश्र ने कहा कि 1998 के बाद से पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी से कोई संबंध नहीं है।
एसपी मिर्जापुर संतोष कुमार मिश्रा ने बताया कि कटरा कोतवाली लोहंदी से 13 वर्ष पूर्व एएसपी सिटी के गनर की हत्या कर एके-47 की लूट हुई थी। बरामद एके-47 की उससे कनेक्शन की भी जांच की जाएगी।