यूपी: सेंट्रल विस्टा में बिछेगी भदोही की कालीन, लोकसभा और राज्यसभा परिसर लगेंगे मखमल की तरह
कुल पांच हजार दो सौ 82 स्क्वॉयर यार्ड एरिया कवर करने के लिए 282 पीस कारपेट की आपूर्ति की जाएगी। इसमें से राज्यसभा में 151 और लोकसभा परिसर के लिए 131 पीस कॉरपेट की मांग है। इसका ऑर्डर जिले की प्रमुख कालीन कंपनी ओबीटी को मिला है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जर्मनी, अमेरिका जैसे देशों में अपनी मखमली कालीनों की बदौलत नाम कमा रहे भदोही जिले का हैंड नॉटेड कालीन (हस्त निर्मित कालीन) अब दिल्ली में बन रहे सेंट्रल विस्टा में भी अपनी चमक बिखेरेगा। इसके लिए जिले की प्रमुख कालीन कंपनी ओबीटी को ऑर्डर मिला है। आपूर्ति के लिए फिनिशिंग आदि का काम तेजी से चल रहा है। इन कालीनों को सेंट्रल विस्टा के लोकसभा और राज्य सभा दोनों सदनों में लगाए जाने का प्रस्ताव है।
राष्ट्रपति भवन से लेकर इंडिया गेट तक बन रहे सेंट्रल विस्टा एवेन्यू में मखमली कालीन लगाए जाने हैं। जिले की प्रमुख कालीन निर्माता कंपनी ओबीडी के प्रेसिडेंट (प्रशासन) आईबी सिंह ने बताया कि सेंट्रल विस्टा में कालीन लगाने की जिम्मेदारी ओबीटी को मिली है।
कुल पांच हजार दो सौ 82 स्क्वॉयर यार्ड एरिया कवर करने के लिए 282 पीस कारपेट की आपूर्ति की जाएगी। इसमें से राज्यसभा में 151 और लोकसभा परिसर के लिए 131 पीस कॉरपेट की मांग है। इन कालीनों की वहीं पर वाल टू वाल फीटिंग की जाएगी जिसके लिए यहां से 30-35 दक्ष कारीगर भेजे जाएंगे। जो उन्हें आपस में जोड़ कर आकार देंगे।
क्या है हैंड नॉटेड कारपेट
हैंड नॉटेड (हस्त निर्मित) कालीन परंपरागत कालीन हैं। कच्चे माल से लेकर इसकी बुनाई तक की कारीगरी हाथों से होती है। केवल हाथ से बने होने के कारण ये सामान्य कालीनों से अत्यधिक महंगे होते हैं। इसकी क्वालिटी काफी अच्छी मानी जाती है। ये दूर से ही देखने में पहचान में आ जाते हैं। अनुमान के मुताबिक, देशभर के कालीन उत्पादन का 40 फीसदी कालीन अकेले भदोही जिले में उत्पादित होता है।
राष्ट्रपति भवन के लिए कालीन भेज चुकी है कंपनी
देश की प्रमुख कालीन निर्माता कंपनी ओबीटी राष्ट्रपति भवन के लिए भी कालीन का निर्माण कर चुकी है। जिसके लिए कंपनी को काफी सराहना मिली थी। कंपनी के अधिकारियों के अनुसार सेंट्रल विस्टा में हैंड नॉटेट कालीन भेजना उनके लिए गर्व की बात है। इससे हैंडनाटेड कालीनों का बाजार भी मजबूत होगा।
सेंट्रल विस्टा के लिए उच्च क्वालिटी के हैंड नॉटेड कालीन भेजे जाने हैं। कुल 282 पीस कारपेट तैयार हो रहे हैं। इसके लिए काम तेजी से चल रहा है। काफी माल तैयार हो चुका हैं। अप्रैल-मई तक कालीनों की आपूर्ति कर देनी है। - आईबी सिंह, प्रेसिडेंट प्रशासन, ओबीटी कंपनी।