भदोही: पशुपालन विभाग के कर्मचारी का फंदे से लटका मिला शव, पत्नी बच्चों के साथ गई थी मायके; पहुंची पुलिस
भदोही के ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के गिरधरपुर गांव में पशुपालन विभाग के कर्मचारी अतुल यादव (35) का शव घर में फंदे से लटका मिला। घटना के समय पत्नी और बच्चे मायके गए थे। पड़ोस के बच्चे के बुलाने पर अंदर से जवाब नहीं मिला तो ग्रामीणों ने दरवाजा खोला। शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ज्ञानपुर कोतवाली क्षेत्र के गिरधरपुर गांव में बुधवार रात पशुपालन विभाग के 35 वर्षीय चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी अतुल यादव ने कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। उनका शव घर के अंदर पंखे से लटका मिला। घटना के समय घर में कोई मौजूद नहीं था। शव मिलने की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
अतुल यादव की तैनाती पशुपालन विभाग में सुरियावां में थी। बताया गया कि वह बुधवार देर शाम काम से घर लौटे थे। रात में पड़ोस का एक बच्चा उन्हें बुलाने के लिए उनके घर पहुंचा। काफी देर तक अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर उसने आसपास के लोगों को जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीणों ने दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलने पर अतुल का शव पंखे से लटका देखकर लोगों के होश उड़ गए। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
परिजनों के अनुसार अतुल तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी शादी करीब 10 वर्ष पहले हुई थी। परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और पांच वर्ष की एक बेटी है। घटना के समय पत्नी और तीनों बच्चे घर पर मौजूद नहीं थे। बताया गया कि उनकी पत्नी पिछले चार-पांच महीने से बच्चों के साथ मायके में रह रही थीं। घटना की जानकारी मिलने के बाद पत्नी ससुराल पहुंचीं तो उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
पुलिस के अनुसार अभी आत्महत्या के पीछे कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक रामसरीख गौतम ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।