भदोही के जिला पंचायत चुनाव में बाहुबली एमएलसी के बेटे की एंट्री, बढ़ी सियासी सरगर्मी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भदोही के जिला पंचायत चुनाव में बाहुबली बृजेश सिंह के बेटे ने एंट्री मार दी है। एमएलसी बृजेश सिंह के बेटे सिद्धार्थ ने शनिवार को बीजेपी के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ने के लिए पार्टी कार्यालय में आवेदन कर दिया। बाहुुबली एमएलसी के बेटे के जिला पंचायत चुनाव में एंट्री के बाद अब कालीन नगरी की सियासी सरगर्मी तेज हो गई।
ऐसे में आने वाले समय में जिला पंचायत का चुनाव दिलचस्प होने की उम्मीद भी बढ़ गई है। एमएलसी बृजेश सिंह के बेटे को भाजपा का टिकट मिलेगा अथवा नहीं यह तो भविष्य के गर्भ में छिपा है, लेकिन जिला पंचायत के वार्ड नंबर तीन में लग रहे होर्डिंग-पोस्टर से जिले के सियासी हल्कों में चर्चा तेज हो गई है।
दरअसल, बाहुबली बृजेश सिंह भदोही- वाराणसी-चंदौली क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य हैं जबकि उनकी पत्नी अन्नपूर्णा सिंह भी इस सीट से पूर्व में एमएलसी रह चुकी हैं। भदोही की जिला पंचायत अध्यक्ष की सीट सामान्य होने के बाद से ही यह कयास लगने शुरू हो गए थे कि इस बार कालीन नगरी का प्रथम नागरिक बनने के लिए पूर्वांचल के बाहुबली ताल ठोंक सकते हैं।
अब जबकि एमएलसी बृजेश सिंह के बेटे सिद्धार्थ सिंह ने बीजेपी से टिकट के लिए आवेदन कर दिया है ऐसे में इस सीट पर चुनाव रोचक होने की संभावना ज्यादा हो गई है। जिससे सियासी सरगर्मी बढ़ने लगी है। माना जा रहा है कि अप्रैल तक होने वाले चुनाव से पूर्व जिले का पारा काफी बढ़ सकता है।
इस संबंध में भाजपा जिलाध्यक्ष विनय श्रीवास्तव ने भी इसकी पुष्टि कर दी है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी में टिकट के लिए सिद्धार्थ सिंह ने भदोही ब्लॉक के वार्ड नंबर तीन से टिकट के लिए आवेदन किया है। उन्होंने कहा कि पार्टी गाइडलाइन के हिसाब से टिकट दिया जाएगा।
बाहुबली विधायक ने जताई थी आशंका
जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर दो से ढाई दशक तक काबिज रहे बाहुबली विधायक विजय मिश्र ने आठ माह पहले ही आशंका जताई थी कि पूर्वांचल के कई बाहुबलियों की नजर भदोही के जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर है।
विधायक ने यह भी कहा कि इसी वजह से उन्हें परेशान भी किया जा रहा है। हालांकि फिलहाल विधायक विजय मिश्र आगरा जेल में बंद हैं। गौरतलब हो कि 1994 में भदोही जनपद सृजन के बाद बसपा कार्यकाल को छोड़ दिया जाए तो अधिकतर समय विधायक या उनके करीबी ही जिला पंचायत अध्यक्ष की कुर्सी पर काबिज रहे।
भदोही विधायक भी दिखा रहे दिलचस्पी
भदोही के भाजपा विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी भी जिला पंचायत चुनाव में काफी रुचि दिखा रहे हैं। उनके भाई अनिरुद्ध तिवारी और बहू दिव्या तिवारी अलग-अलग सीटों से चुनाव लड़ना चाहते हैं। इसके लिए भाजपा कार्यालय में आवेदन भी किया है।