UP: पट्टे की जमीन पर रातों रात रख दी अंबेडकर प्रतिमा, प्रधानपति समेत 10 पर केस; तनाव देख फोर्स तैनात
भदोही जिले के एक जमीन पर अंबेडकर की प्रतिमा लगाने के बाद तनाव का माहाैल बन गया। सूचना पाकर चौरी थाने की पुलिस माैके पर पहुंच गई। आसपास के लोगों से जानकारी लेने के बाद प्रधानपति समेत 10 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया।
विस्तार
Bhadohi News: चौरी थाना क्षेत्र के दुरासी में दिवाली की रात पट्टे की जमीन पर अंबेडकर की मूर्ति रख देने से तनाव बढ़ गया। मामले की जानकारी होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। कड़ी मशक्कत के बाद मूर्ति को हटाकर अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने प्रधानपति समेत 10 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया।
जानकारी के अनुसार, दिवाली की रात लगभग चार बजे भोर में ग्रामीण शौच के लिए निकले तो मैदान में अंबेडकर की मूर्ति देख लोग अवाक रहे गए। रातों रात मूर्ति रख देने की सूचना पर ग्रामीणों की भीड़ जमा होने लगी। बताया जा रहा है कि जिस जमीन पर मूर्ति रखी गई वह सविता देवी, मीरा देवी, विवेक आदि के नाम लगभग तीन बीघा पट्टा के नाम दर्ज है।
सुबह होते होते पट्टेदार भी पहुंच गए। इधर पुलिस को जैसे ही सूचना मिली तो भागदौड़ बढ़ गई। चौरी व औराई पुलिस के साथ तहसीलदार भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने जमीन के कागजात देखने के बाद मूर्ति हटाने का प्रयास किया तो बड़ी संख्या में विरोध में लोग खड़े हो गए।
गांव में पुलिस तैनात
आरोप है कि वर्तमान प्रधानपति की सह पर पट्टे की जमीन पर मूर्ति रखवाया गया है। मूर्ति हटाने के विरोध में नारेबाजी होने लगी। जिसके बाद पुलिस ने सख्त रूख अपनाया तो लोग पीछे हटे। सुबह लगभग 9 बजे मूर्ति को हटाकर अपने कब्जे में ले लिया है। वहीं मौके पर फोर्स तैनात कर दी।
प्रभारी निरीक्षक राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि मौके पर फोर्स तैनात है और तनाव जैसे हालात नही है। बताया कि इस मामले में प्रधानपति गणेश तिवारी, उमेश राम, सुरेश राम, गोविंद कुमार, राजेश कुमार, प्रवेश कुमार, मोतीलाल, चंद्रेश कुमार, अशोक कुमार, अरविंद कुमार के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है।